'अगर ऐसा करती तो प्लेऑफ में पहुंच सकती थी चेन्नई', रवि शास्त्री ने बताया IPL 2022 में CSK से कहां हुई गलती
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास की सबसे सफल टीमों में शुमार और 4 बार की खिताबी चैम्पियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिये 15वां सीजन काफी शर्मनाक रहा, जिसमें उसने 14 मैचों में से सिर्फ 4 जीत हासिल की और अंकतालिका में सबसे निचले पायदान पर रहते हुए अपने कैंपेन को खत्म किया। चेन्नई सुपर किंग्स के लिये खेलने वाले एमएस धोनी, अंबति रायडु और रॉबिन उथप्पा जैसे खिलाड़ियों के लिये यह सीजन काफी मिलाजुला रहा तो वहीं पर ऋतुराज गायकवाड़ और रविंद्र जडेजा जैसे मैच विनर खिलाड़ियों के लिये यह सीजन काफी निराशाजनक रहा।

इतना ही नहीं सीएसके की टीम को इस सीजन जोश हेजलवुड और दीपक चाहर की गेंदबाजी की कमी भी खली, जिसमें दीपक चाहर चोटिल होने की वजह से नहीं खेल पाये तो वहीं पर हेजलवुड नीलामी के दौरान आरसीबी से जुड़े और उसके साथ ही खेलते नजर आये। इसके चलते सीएसके की टीम आईपीएल 2022 के प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली दूसरी टीम बनी थी।
और पढ़ें: पेस किंग और डेथ ओवर स्पेशलिस्ट को मिला भारतीय टीम से बुलावा, पर जिसके पास दोनों उसे किया नजरअंदाज

दोहरी चोट ने दीपक चाहर को किया सीजन से बाहर
इन नाकामियों के बीच सीएसके के लिये युवा तेज गेंदबाजी मुकेश चौधरी और सिमरजीत सिंह का प्रदर्शन काफी खास रहा जो कि दिग्गज गेंदबाजों की गैरमौजूदगी में अगली सीजन के लिये बड़ी उम्मीद बनकर उभरे हैं। उल्लेखनीय है कि दीपक चाहर फरवरी में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली गई सीरीज के दौरान बैक इंजरी का शिकार हुए थे जिसके बाद पहले कुछ मैचों से बाहर हो गये थे लेकिन अप्रैल में जब वो एनसीए में रिकवरी कर वापसी करने वाले थे तभी दोबारा हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते चोटिल हो गये और पूरे सीजन से बाहर हो गये। उनकी गैरमौजूदगी ने सीएसके के प्रदर्शन को इस साल सबसे ज्यादा प्रभावित किया और इसी के चलते सीएसके की टीम को पहले 4 मैचों में लगातार हार का सामना करना पड़ा।

अगर खेलते तो हासिल करते बहुत सारी विकेट
आईपीएल 2022 की नीलामी में दीपक चाहर दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे और सीएसके की टीम ने 14 करोड़ रुपये देकर अपने खेमे में शामिल किया। चाहर नई गेंद से स्विंग कराने और पावरप्ले में विकेट चटकाने की अपनी काबिलियत के लिये जाने जाते हैं लेकिन चोट की चलते वो अपनी टीम के लिये यह रोल नहीं निभा सके। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री का मानना है कि अगर दीपक चाहर सीएसके के लिये इस सीजन उपलब्ध रहते तो जल्दी विकेट निकालने की अपनी काबिलियत से वो एक छाप जरूर छोड़ते।

दीपक चाहर की गेंदबाजी के हिसाब से थी पिचें
ईएसपीएन क्रिकइंफो के साथ बात करते हुए शास्त्री ने कहा,'सीएसके के लिये इस सीजन जो सबसे बड़ी समस्या थी वो थी दीपक चाहर की गैरमौजूदगी, वो उस तरह का गेंदबाज है जो आपको शुरुआत में ही एक-दो विकेट निकाल कर देता है और उसे सीएसके की टीम ने बहुत ज्यादा मिस किया है। अगर वो खेलता तो पिच को देखते हुए इस सीजन बहुत सारे विकेट जरूर लेता। पिच पर नई गेंद से कुछ स्विंग देखने को मिल रही थी और उसके खेल के हिसाब से यह पिच काफी अच्छी नजर आ रही थी।'

युवा खिलाड़ियों पर निवेश जारी रखेगी सीएसके
शास्त्री ने आगे बात करते हुए कहा कि चेन्नई आईपीएल 2022 में खराब सीजन होने के बावजूद अपने युवाओं में निवेश करने की ओर देखेगी और उनको यकीन है कि सीएसके की टीम को कुछ मध्यक्रम बल्लेबाज और तेज गेंदबाजों की जरूरत है जिसे वो ट्रांसफर विंडो के दौरान हासिल करने की कोशिश करेगी।
उन्होंने कहा,'अगर एमएस धोनी अगले सीजन की कप्तानी करते हैं तो वो मुकेश चौधरी, सिमरजीत सिंह और महीष तीक्ष्णा जैसे गेंदबाजों को टीम में बरकरार रखना चाहेंगे। यह खिलाड़ी बिल्कुल अपने प्रदर्शन में बेहतर करेंगे। हालांकि जैसे ही ट्रांसफर विंडो खुलेगी सीएसके की टीम कोशिश करेगी कि वो कुछ मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज और तेज गेंदबाजों को अपने खेमे में शामिल कर सके।'

अगले सीजन भी खेलते नजर आयेंगे धोनी
गौरतलब है कि जहां पर चेन्नई सुपर किंग्स के प्रदर्शन ने उसके फैन्स के लिये एक बुरे सपने के जैसा प्रदर्शन किया था तो वहीं पर आखिरी मैच के बाद धोनी ने यह बताकर सभी फैन्स को खुश कर दिया कि वो अगले सीजन भी टीम के लिये खेलते नजर आयेंगे। धोनी ने उन सभी कयासों पर फुलस्टॉप लगा दिया जिसमें कयास लगाये जा रहे थे कि यह उनका आखिरी सीजन साबित हो सकता है।
धोनी ने राजस्थान के खिलाफ खेले गये आखिरी लीग मैच के टॉस के बाद कहा,'बिल्कुल मैं अगले साल खेलता नजर आउंगा। यह काफी गलत होगा अगर मैं चेन्नई में न खेलकर वहां के फैन्स को थैंक्यू कहूं। सीएसके के फैन्स के लिये चेपॉक पर खेलकर इस प्रारूप को अलविदा कहना काफी अच्छा रहेगा।'












Click it and Unblock the Notifications