IPL 2025 से बाहर हुआ इस टीम का घातक हथियार, टूटी उंगली के साथ दिखा स्टार तेज गेंदबाज
IPL 2025: राजस्थान रॉयल्स (RR) को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज संदीप शर्मा (Sandeep Sharma) टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। फ्रेंचाइज़ी ने गुरुवार (1 मई) को पुष्टि की कि उनकी उंगली में फ्रैक्चर (Fractured Finger) हुआ है और अब वे बाकी सीजन में नहीं खेल पाएंगे।
रॉयल्स की ओर से जारी रिलीज में कहा गया कि, 'उन्होंने पिछले मैच में इस चोट के साथ गेंदबाजी जारी रखने के लिए बहुत साहस दिखाया और फ्रेंचाइजी में हर कोई उनके जल्द रिकवर होने की कामना करता है।'

31 वर्षीय संदीप को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ रॉयल्स के घरेलू मैच के दौरान चोट लगी थी, जब वह अपनी ही गेंद पर शुभमन गिल के शॉट को फील्ड करने का प्रयास कर रहे थे। गेंदबाज को टीम के फिजियो ने तुरंत ट्रीटमेंट दिया और यहां तक कि उन्होंने अपने स्पेल में बची हुई आठ गेंदें भी फेंकी।
आकाश मधवाल ने संदीप शर्मा की जगह ली
यह रॉयल्स की संभावनाओं के लिए एक बड़ा झटका है। संदीप ने 9.89 की इकॉनमी से 10 मैचों में नौ विकेट लिए हैं। संदीप शर्मा की जगह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश मधवाल ने राजस्थान रॉयल्स के लिए डेब्यू किया।
राजस्थान रॉयल्स की प्लेऑफ की उम्मीदें खत्म
जयपुर में गुरुवार को आईपीएल में मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को 100 रनों से रौंदकर घरेलू टीम की प्लेऑफ की उम्मीदें खत्म कर दीं। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI ने 217/2 रन बनाए। जवाब में RR की टीम 16.1 ओवर में 117 रन पर ऑल आउट हो गई और MI प्लेऑफ में जगह बनाने के करीब पहुंच गई।
MI ने रोहित शर्मा (53) और रयान रिकेल्टन (61) के तेज अर्धशतकों की मदद से मजबूत स्कोर खड़ा किया। कप्तान हार्दिक पांड्या (48*) और सूर्यकुमार यादव (48*) ने अपनी तूफानी पारियों से MI की पारी को अंतिम रूप दिया। इसके बाद जसप्रीत बुमराह (2/15) और ट्रेंट बोल्ट (3/28) ने RR की बल्लेबाजी को झकझोर दिया, इससे पहले लेग स्पिनर कर्ण शर्मा (3/23) ने मेहमान टीम को बड़ी जीत दिलाई।












Click it and Unblock the Notifications