40 लाख के बेस प्राइज वाले राहुल तेवतिया बिके 9 करोड़ रुपए में, खेलेंगे इस टीम से
नई दिल्ली, फरवरी 12। IPL Auction 2022 आईपीएल सीजन 15 के लिए चल रही नीलामी में एक और खिलाड़ी की बोली ने सभी को हैरान कर दिया है। दरअसल, राजस्थान रॉयल्स से खेलने वाले ऑलराउंडर राहुल तेवतिया अपने बेस प्राइज से करीब 25 गुना अधिक की राशि में बिके हैं। राहुल तेवतिया का बेस प्राइज 40 लाख रुपए था और उन्हें गुजरात टाइटंस ने 9 करोड़ रुपए में खरीदा है।

राजस्थान की जगह अब गुजरात से खेलेंगे तेवतिया
पिछले साल तक राजस्थान से खेलने वाले राहुल तेवतिया इस साल गुजरात से खेलते हुए दिखेंगे। राहुल तेवतिया को खरीदने के लिए राजस्थान, गुजरात और चेन्नई के बीच होड़ देखने को मिली थी। आपको बता दें कि राजस्थान रॉयल्स में रहते हुए राहुल तेवतिया की कीमत 3 करोड़ रुपए थी।
2020 में तेवतिया ने 1 ओवर में जड़े थे 5 छक्के
आपको बता दें कि राहुल तेवतिया 2020 के IPL में एक मैच के बाद से स्टार बन गए थे। ये मैच किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ, जिसमें उन्होंने 1 ओवर में 5 छक्के जड़े थे। इतना ही नहीं उन्होंने अपनी टीम को जीत भी दिलाई थी। इस मैच में पंजाब ने राजस्थान के सामने 224 रनों का लक्ष्य खड़ा किया था। राहुल तेवतिया ने शेल्डन कॉटरेल के एक ओवर में 5 छक्के जड़े थे। राहुल तेवतिया ने इस मैच में 31 गेंदों में 53 रन की पारी खेली थी।
रणजी में हरियाणा से खेलते थे तेवतिया
आईपीएल के मंच तक पहुंचने के लिए राहुल तेवतिया ने कड़ा संघर्ष किया है। फरीदाबाद के रहने वाले राहुल तेवतिया महज़ 4 साल की उम्र से ही गली क्रिकेट खेलना शुरु कर चुके थे। जैसे-जैसे उनकी उम्र बढ़ी वैसे-वैसे क्रिकेट के प्रति उनका जुनून बढ़ता चला गया। राहुल तेवतिया ने साल 2013 में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया। वो हरियाणा रणजी टीम का हिस्सा थे। रणजी खेलने के 1 साल के बाद ही 2014 में उन्हें आईपीएल में एंट्री मिल गई थी। 2014 में राहुल तेवतिया को राजस्थान रॉयल्स ने ही खरीदा था।












Click it and Unblock the Notifications