'भारतीय क्रिकेट सिर्फ दो-चार लोगों का मोहताज नहीं,' अश्विन ने गौतम गंभीर के आलोचकों को दिया करारा जवाब
Ravichandran Ashwin on Gautam Gambhir: टीम इंडिया के दिग्गज स्पिनर आर. अश्विन ने हेड कोच गौतम गंभीर और भारतीय ड्रेसिंग रूम के माहौल पर एक बड़ा बयान दिया है। अश्विन ने उन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है जिनमें कहा जा रहा था कि गंभीर के आने के बाद सीनियर खिलाड़ियों को जबरन संन्यास की ओर धकेला गया।
अश्विन ने साफ कहा कि भारतीय क्रिकेट किसी व्यक्ति विशेष से कहीं बड़ा है। पूर्व भारतीय स्पिनर ने अपने रिटायरमेंट के ऊपर भी खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि क्यों अचानक रिटायरमेंट का ख्याल दिमाग में आया।

उन्होंने कहा कि पर्थ में मैं सीनियर गेंदबाज था, लेकिन जब वाशिंगटन सुंदर को मुझसे पहले खिलाया गया, तो मुझे समझ आ गया कि मेरा समय अब पूरा हो चुका है। मुझे लगा कि अब युवा प्लेयर्स को मौका देने का समय आ गया है।
अश्विन, विराट और रोहित के संन्यास के बाद सोशल मीडिया पर गौतम गंभीर को काफी ट्रोल किया जा रहा था। इस पर अश्विन ने गंभीर का बचाव करते हुए कहा कि मुझे गौतम पसंद हैं। उनके बारे में लोगों की अलग-अलग राय हो सकती है, लेकिन वह एक ऐसे इंसान हैं जो हमेशा व्यक्ति से ऊपर टीम को रखते हैं। वह व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरी टीम को श्रेय देते हैं और यह एक बेहतरीन खूबी है।
कोहली-रोहित के साथ कैसा रहा अनुभव?
विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ अपने लंबे सफर को याद करते हुए अश्विन ने कहा कि उनके बीच का तालमेल शानदार था। उन्होंने कहा कि टीम में कभी 'ब्लेम गेम' (एक-दूसरे पर आरोप लगाना) नहीं हुआ। सबका एक ही मकसद था-भारत को जीत दिलाना और देश का मान बढ़ाना।
टीम के भविष्य पर जताई चिंता
500 से ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले अश्विन ने टीम के भविष्य पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि टीम अभी 'ट्रांजिशन फेज' (बदलाव के दौर) से गुजर रही है। बल्लेबाजों की तुलना में गेंदबाजी विभाग में प्रभाव की कमी एक बड़ी चिंता का विषय है, जिस पर काम करने की जरूरत है।












Click it and Unblock the Notifications