तूफानी स्पीड, पैनी स्विंग, घातक यॉर्कर- अपने ही बॉलर का सामना करने के लिए तैयार बाबर आजम
नई दिल्लीः पाकिस्तान की युवा टीम प्रतिभाओं से भरी पड़ी है। उनके पास बाबर आजम जैसा बल्लेबाज है जो एक कप्तान के तौर पर निखर रहा है। गेंदबाजी में शाहीन अफरीदी एक बड़ा नाम बनकर उभर रहे हैं। फिलहाल पाकिस्तान के खिलाड़ी अपनी घरेलू लीग पीएसएल में खेल रहे हैं और पाक कप्तान बाबर आजम ने शाहीन अफरीदी को बहुत ही खतरनाक गेंदबाज करार दिया है। कराची किंग्स टीम से खेल रहे बाबर आजम शाहीन अफरीदी के खिलाफ खेलने को काफी मुश्किल भरा बताया है।

अपने ही बॉलर का सामना करने की तैयारी में बाबर आजम
शाहीन उस देश से आते हैं जिसका इतिहास दुनिया के सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाजों को देने का रहा है। शाहीन भी उसी क्लास के नजर आ रहे हैं और उन्होंने अपनी गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों के भीतर खौफ पैदा करने का काम किया है। उनके पास जबरदस्त स्विंग है जिसको वे विकेट के दोनों और कराने का हुनर रखते हैं। उनकी यॉर्कर और बढ़िया स्पीड भी बहुत खतरनाक मिश्रण पैदा करती हैं।
बाबर आजम और शाहीन के बीच पीएसएल 2022 में जल्द ही एक मुकाबला देखने को मिलेगा और आजम ने इसी भिड़ंत के बारे में बात की है। बाबर कराची किंग्स के कप्तान हैं तो शाहीन लाहौल कलंदर के कप्तान हैं। बाबर ने शाहीन की बल्लेबाजों को भय में डालने की काबिलियत के बारे में बात की है।

पीएसएल 2022 में शाहीन अफरीदी से होगा मुकाबला-
आजम ने कहा कि, शाहीन की तूफानी गति, गेंद को बैक करने की काबिलियत, कई सारी विविधता के चलते एक बल्लेबाज बस गेंद को भांपता रह जाता है। वह सीखने के लिए जुनूनी हैं, और सालों के अंतराल में उन्होंने परिस्थितियों के हिसाब से खुद को ढालने की गजब की क्षमता विकसित की है।
आजम ने कहा कि शाहीन जब भी विविधता करते हैं तो उनका कंट्रोल देखने लायक होता है।

18 साल की उम्र में एंट्री लेने वाले शाहीन आज सुपरस्टार हैं-
शाहीन अफरीदी ने 18 साल की उम्र में 2018 में अपनी राष्ट्रीय टीम के लिए पदार्पण किया। तब से, वह पाकिस्तानी गेंदबाजी आक्रमण के मुख्य हथियार में से एक बन गए हैं। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के पास विश्व कप (19 वर्ष की आयु में) में पांच विकेट लेने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी होने का रिकॉर्ड है।
उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ 2019 एकदिवसीय विश्व कप में 6/35 के आंकड़े के साथ यह उपलब्धि हासिल की।

शाहिद अफरीदी की तरह जर्सी नंबर 10-
शाहीन पिछले साल टी 20 विश्व कप में बहुत प्रभावशाली थे, विशेष रूप से कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ उनका 3/31 का स्पैल घातक था जिसमें भारतीय बल्लेबाजों केएल राहुल, रोहित शर्मा और विराट कोहली के विकेट शामिल थे।
पूर्व पाकिस्तानी स्टार ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी द्वारा पहनी गई प्रतिष्ठित नंबर 10 जर्सी पहनने वाले शाहीन ने प्रशंसकों से ही नहीं बल्कि दुनिया भर के विशेषज्ञों से भी सराहना प्राप्त की है। उन्हें हाल ही में सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी से सम्मानित किया गया था और उन्हें ICC मेन्स क्रिकेटर ऑफ द ईयर भी चुना गया था।












Click it and Unblock the Notifications