वर्ल्ड कप मैच पर खालिस्तानियों की नजर? मल्टी लेयर सिक्योरिटी के बीच होगा इंग्लैंड और न्यूजीलैंड का मुकाबला
World Cup 2023: आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप का उद्घाटन मैच इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस दौरान अन्य तैयारियों के साथ पुलिस ने सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम कर लिए हैं। खालिस्तानी अलगाववादियों द्वारा जारी धमकी को देखते हुए नरेंद्र मोदी स्टेडियम और अहमदाबाद के अन्य हिस्सों में लगभग 3,500 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
यहां टूर्नामेंट की तैयारी को लेकर संयुक्त पुलिस आयुक्त, सेक्टर 1, चिराग कोराडिया ने बुधवार को कहा कि किसी भी हमले को विफल करने के लिए मल्टी लेयर सिक्योरिटी व्यवस्था की जा रही है। गुरुवार को क्रिकेट मैच के दौरान हमारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए 16 आईपीएस अधिकारी मैदान पर होंगे।'

अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह मलिक ने एएनआई को बताया कि, मैच के दौरान तीन अतिरिक्त आयुक्तों, 13 डीसीपी रैंक के अधिकारियों और 18 एसीपी सहित 3,500 से अधिक पुलिस बल का उपयोग 500 होम गार्ड के साथ किया जाएगा।
वहीं कोराडिया ने मीडिया को बताया कि, 'अलग-अलग लेयर वाली यही सुरक्षा व्यवस्था विश्व कप के हिस्से के रूप में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जाने वाले अगले मैचों में भी लागू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यातायात कर्मियों सहित लगभग 3,500 पुलिसकर्मी स्टेडियम के अंदर और बाहर, अन्य स्थानों पर और खिलाड़ियों द्वारा अपने होटल से स्टेडियम तक पहुंचने के लिए उपयोग की जाने वाली सड़कों पर ड्यूटी पर रहेंगे।'
पुलिस अधिकारी ने कहा कि, 'पार्किंग एरिया और स्टेडियम के मेट्रो स्टेशन पर हमारी कड़ी सुरक्षा के अलावा स्टेडियम के अंदर और बाहर एक सिक्योरिटी लेयर होगी। गुरुवार को प्रमुख स्थानों पर क्विक रिस्पांस टीम (QRT) और बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल टीम (BDDS) दस्ते भी तैनात किए जाएंगे। कोराडिया ने कहा कि मोटेरा एरिया से गुजरने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है और किसी को भी वैध टिकट, पास या अन्य प्राधिकरण के बिना स्टेडियम में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उद्घाटन मैच से पहले ट्रैफिक पुलिस ने एक अधिसूचना जारी कर बीआरटीएस जंक्शन से स्टेडियम की ओर जाने वाली सड़क पर सुबह 11 बजे से आधी रात तक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। सिटी पुलिस ने मैच के पांच दिनों- 5 और 14 अक्टूबर, साथ ही 4, 10 और 19 नवंबर को वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाई है।
डायवर्जन सुबह 11 से 12 बजे तक सक्रिय रहेगा। हालांकि, आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, क्रिकेट मैच से जुड़े वाहनों, फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, ड्यूटी पर मौजूद सरकारी वाहनों, आपात स्थिति में यात्रा करने वाले वाहनों और क्षेत्र के निवासियों को नियम से छूट दी जाएगी।
जीएमआरसी ने यह भी घोषणा की है कि मैच के दिन अहमदाबाद मेट्रो सेवाएं सुबह 6:20 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेंगी। फिलहाल मेट्रो रात 10 बजे तक चलती है। साथ ही, भीड़ को कम करने के प्रयास में पेपर टिकट की सुविधा भी शुरू की गई है, जिसे रात 10 बजे के बाद किसी भी स्टेशन की यात्रा के लिए 50 रुपये में खरीदा जा सकता है।
दरअसल, 29 सितंबर को अहमदाबाद पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने गुरुवार को उद्घाटन मैच के दौरान अहमदाबाद में खालिस्तानी झंडे लहराने की धमकी देने के लिए प्रतिबंधित संगठन सिख फॉर जस्टिस (एसएफजे) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नून के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर में कहा गया है कि गुजरात के लोगों को एक विदेशी नंबर से भेजे गए पहले से रिकॉर्ड किए गए वॉयस मैसेज के जरिए पन्नून की धमकी मिली थी।












Click it and Unblock the Notifications