युवराज सिंह, हरभजन, सुरेश रैना की पुलिस में शिकायत, जानें किस मामले में हुआ है एक्शन
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज हरभजन सिंह, युवराज सिंह और सुरेश रैना के साथ गुरकीरत मान को एक वायरल इंस्टाग्राम रील के कारण कानूनी मुद्दों का सामना करना पड़ रहा है। यह वीडियो पाकिस्तान के खिलाफ 2024 वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) क्रिकेट टूर्नामेंट में जीत के बाद पोस्ट किया गया था।
विवादास्पद क्लिप में रिटायर्ड क्रिकेटरों को आगामी फिल्म बैड न्यूज़ के गाने 'तौबा तौबा' की धुन पर अपनी उम्र और शारीरिक स्थिति का मज़ाक उड़ाते हुए दिखाया गया था। हालाँकि, कई दर्शकों को लगा कि तीनों दिव्यांग व्यक्तियों का मज़ाक उड़ा रहे थे। बाद में ट्रोल होने पर हरभजन ने माफ़ी मांगी और रील को डिलीट किया था। वीडियो हटाने और माफ़ी मांगने के बाद भी मामला आगे बढ़ता हुआ नजर आ रहा है।

अब खबर आई है कि क्रिकेटरों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। PTI के मुताबिक नेशनल सेंटर फॉर प्रमोशन ऑफ एम्प्लॉयमेंट फॉर डिसेबल्ड पीपल (NCPEDP) के कार्यकारी निदेशक अरमान अली ने अमर कॉलोनी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। मेटा इंडिया की उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक संध्या देवनाथन का भी नाम सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के उल्लंघन के लिए शिकायत में दर्ज है।
भारत की पैरा-बैडमिंटन स्टार मानसी जोशी भी इस वीडियो की आलोचना करने वालों में शामिल थीं। उन्होंने तर्क दिया कि यह दूसरों को दिव्यांग लोगों का मज़ाक उड़ाने के लिए प्रोत्साहित करता है। अरमान अली ने अपनी शिकायत में कहा, "यह वीडियो भारत के संविधान के अनुच्छेद 21 का घोर उल्लंघन है, जो हर व्यक्ति को सम्मान के साथ जीने के अधिकार की गारंटी देता है।"
शिकायत में इस बात पर जोर डाला गया है कि यह वीडियो विकलांग व्यक्तियों के अधिकार अधिनियम, 2016 की धारा 92 का उल्लंघन करता है। यह निपुण मल्होत्रा बनाम सोनी पिक्चर्स फिल्म्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (2004 एससीसी ऑनलाइन एससी 1639) में सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों का भी उल्लंघन करता है।












Click it and Unblock the Notifications