नेपाल में रेप के आरोपी क्रिकेटर को प्रैक्टिस की मंजूरी मिलने से नाराज जनता, क्रिकेट के बायकॉट की उठी मांग
नेपाल में इन दिनों क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन बढ़ता जा रहा है। लोग क्रिकेट के बायकॉट की मांग कर रहे हैं और इसकी वजह संदीप लामिछाने को प्रैक्टिस की मंजूरी देना है।

नेपाल में इन दिनों क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन बढ़ता ही जा रहा है। दरअसल, संदीप लामिछाने को जब से क्रिकेट एसोसिएशन ने प्रैक्टिस करने की परमिशन दी है, तब से एसोसिएशन के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन शुरू हो गया है। शनिवार को लोगों ने मैतीघर मंडल के धरना स्थल पर तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया, जिसमें लामिछाने के खिलाफ नारे लिखे थे। लोगों का कहना है कि संदीप के खिलाफ अभी जांच पुलिस के अधीन है और वो जमानत पर बाहर हैं। ऐसे में उन्हें प्रैक्टिस की मंजूरी देना कहां तक सही है।

पिछले महीने जमानत मिली थी संदीप को
आपको बता दें कि रेप के मामले में सजा काट चुके क्रिकेटर संदीप लमिछाने को पिछले महीने स्थानीय अदालत ने जमानत दे दी थी। जमानत के एक महीने बाद नेपाल क्रिकेट एसोसिएशन ने संदीप को प्रैक्टिस करने की परमिशन दे दी। बस इसी को लेकर नेपाल में संदीप और क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ लोगों का प्रदर्शन शुरू हो गया है। बता दें कि संदीप पर काठमांडू के एक होटल में 17 साल की लड़की का रेप करने का आरोप है। गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया था।

सोशल मीडिया पर भी छिड़ा घमासान
आपको बता दें कि शनिवार को लोगों ने प्रशासनिक केंद्र-सिंघा दरबार के सामने भी प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों के हाथों में पोस्टर-बैनर थे, जिन पर लिखा था- Can or Can Not, Are We Safe, Gentleman game or Mentalman Game?" प्रदर्शन की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर घमासान छिड़ा हुआ है। ट्विटर पर नेपाल क्रिकेट के बहिष्कार की मांग की जा रही है। बता दें कि नेपाल में 14 से 21 फरवरी के बीच नामीबिया, नेपाल और स्कॉटलैंड के बीच एक त्रिकोणीय सीरीज खेली जाने वाली है। यह सीरीज ICC विश्व कप लीग 2 के तहत खेली जाएगी।

कौन हैं संदीप लामिछाने?
बता दें कि संदीप लामिछाने नेपाल क्रिकेट के एक स्टार खिलाड़ी हैं। नेपाल के अलावा वो दुनियाभर की प्रीमियर लीग क्रिकेट में भी हिस्सा लेते हैं। संदीप लामिछाने 2016 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन के बाद चर्चा में आए थे। इसके अलावा संदीप 2018 में आईपीएल में भी खेलते हुए नजर आए थे। वो दिल्ली डेयरडेविल्स के लिए आईपीएल में खेले थे। फ्रेंचाइजी ने 20 लाख रुपए में उन्हें अपने साथ जोड़ा था। संदीप ने अब तक नेपाल की ओर से 30 वनडे और 44 T20I मैच खेले हैं। वनडे में उन्होंने 69 और T20I में 85 विकेट हासिल किए हैं।












Click it and Unblock the Notifications