पाकिस्तानी टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित करेगा PCB, टी20 वर्ल्ड कप और एशिया कप के प्रदर्शन से बोर्ड है खुश
हाल ही में संपन्न हुए टी20 वर्ल्ड कप 2022 के फाइनल में इंग्लैंड के हाथों 5 विकेट से हार का सामना करने वाली पाकिस्तानी टीम को उनका क्रिकेट बोर्ड सम्मानित करने जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड गुरुवार को इस्लामाबाद में टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में खेलने वाली टीम को सम्मानित करेगा। इसके लिए एक भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा।

उपविजेता रही थी पाकिस्तान की टीम
आपको बता दें कि पाकिस्तान की टीम टी20 विश्व कप 2022 की उपविजेता रही थी। पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तान का प्रदर्शन औसत ही रहा था। पाकिस्तान को वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। एक समय पाकिस्तान की टीम बाहर होने की कगार पर थी, लेकिन नीदरलैंड्स ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था और इसी उलटफेर के साथ पाकिस्तान सेमीफाइनल में पहुंच गया था।
पाकिस्तान ने सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड को मात देकर फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं इंग्लैंड ने भारत को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। पाकिस्तान के इस प्रदर्शन और एशिया कप के प्रदर्शन को लेकर पीसीबी टीम के खिलाड़ियों के लिए सम्मानित कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। इस कार्यक्रम में पाकिस्तान टेस्ट टीम के खिलाड़ियों को भी आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा कई राजनयिक, राजनीतिक हस्तियां, पूर्व कप्तान और खिलाड़ी भी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक सूत्र ने कहा, "इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को दो बड़े टूर्नामेंटों में उनके प्रदर्शन के लिए सम्मान और सराहना देना है।" सूत्र ने कहा कि दोनों फाइनल में पहुंचने पर खिलाड़ियों को कुछ आर्थिक पुरस्कार भी मिल सकते हैं।
आपको बता दें कि पाकिस्तान संयुक्त अरब अमीरात में एशिया कप का फाइनल श्रीलंका से हार गया था और फिर इस महीने की शुरुआत में मेलबर्न में टी20 विश्व कप फाइनल में इंग्लैंड से हार गया था। पिछले साल भी बाबर आजम की अगुआई में पाकिस्तान टीम दुबई में टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रही थी लेकिन ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी।












Click it and Unblock the Notifications