T20 world cup: जिम्बाब्वे से पाकिस्तान को मिली पुरानी हार का पुराना वीडियो वायरल, रमीज राजा ने लगाई थी क्लास
टी20 वर्ल्ड कप 2022 के पहले ही मैच में भारत के हाथों मिली हार को पाकिस्तान पचा नहीं पा रहा था कि जिम्बाब्वे ने हार के जख्मों को हरा कर दिया था। अपने पिछले मुकाबले में पाकिस्तान को जिम्बाब्वे के हाथों 1 रन से मैच गंवाना पड़ गया था, जिसके बाद से पाकिस्तानी टीम की जमकर आलोचना हो रही है। टीम के साथ पीसीबी अध्यक्ष रमीज राजा समेत पूरे मैनेजमेंट पर कई पूर्व क्रिकेटरों ने सवाल दागे हैं। हालांकि इस हार को लेकर रमीज राजा ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन ऐसे में उनका एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

रमीजा राजा का पुराना वीडियो वायरल
इस पुराने वीडियो में रमीजा राजा जिम्बाब्वे से मिली हार को लेकर पाकिस्तानी टीम की जमकर आलोचना कर रहे हैं। यह वीडियो पुराना है, लेकिन इसकी तुलना टी20 विश्व कप में हाल ही में पाकिस्तान को मिली हार से की जा रही है, जब रमीज राजा पीसीबी अध्यक्ष हैं और उन्होंने इसपर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। टी20 विश्व कप की हार के बाद से तो की पूर्व पाकिस्तानी प्लेयरों ने रमीज राजा के इस्तीफे की मांग कर डाली है।
ऐसी हार पर शर्म आती है- रमीज राजा
पुराने वीडियो में रमीज राजा पाकिस्तानी खिलाड़ियों के प्रदर्शन को शर्मनाक बता रहे हैं। वहीं उन्होंने टीम के प्रदर्शन को भी शर्मनाक बताया है। इस वीडियो में रमीज राजा काफी गुस्से में भी नजर आ रहे हैं। वीडियो में रमीज राजा कह रहे हैं, "कहते हैं कि हर हार से कुछ न कुछ सीख मिलती है, सबक मिलता है, लेकिन ऐसी हार से आपको सिर्फ और सिर्फ शर्म महसूस होती है। चौथी रैंक की टीम पाकिस्तान और 12वीं रैंक की टीम जिम्बाब्वे ऐसे में आपका हारना बनता ही नहीं था, लेकिन आपकी हार इसलिए हुई है क्योंकि आप हार से डरते हैं।"
इस हार की तो जवाबदेही होनी चाहिए- रमीज राजा
वीडियो में रमीज राजा ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम की तुलना एक क्लब स्तर की टीम से करते हुए कहा है कि आप ऐसी टीम के खिलाफ भी प्रेशर में आ जाते हैं, जिससे जितना मुश्किल नहीं है। ऐसे मैचों में भी आप आपनी बेस्ट टीम खिलाते हैं और फिर हारकर आते हैं। उन्होंने कहा कि इस हार की जवाबदेही तो होनी चाहिए, क्योंकि कुछ नए प्लेयरों के खेलने से टीम में आत्मविश्वास की कमी नजर आई। आपको बता दें कि रमीज राजा का यह वीडियो PCB अध्यक्ष के रूप में पद्भार संभालने से एक साल पहले का बताया जा रहा है। यह वीडियो उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल पर पोस्ट किया था। रमीज राजा सितंबर 2021 में पीसीबी अध्यक्ष नियुक्त किए गए थे।
वीडियो में किस मैच की बात कर रहे हैं रमीज राजा?
पाकिस्तान के लिए 57 टेस्ट और 198 वनडे मैच खेलने वाले रमीज राजा वीडियो में जिस मैच की बात कर रहे हैं, वो नवंबर 2020 का है। उस वक्त जिम्बाब्वे की टीम पाकिस्तान दौरे पर आई थी। सीरीज के तीसरे वनडे में मैच टाई हो गया था और सुपर ओवर में जिम्बाब्वे ने पाकिस्तान को हरा दिया था। यह मुकाबला रावलपिंडी में खेला गया था। जिम्बाब्वे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 278 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान ने भी 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 278 रन बनाए। इसके बाद सुपर ओवर हुआ और जिम्बाब्वे ने मैच जीत लिया।












Click it and Unblock the Notifications