मोहम्मद रिजवान ने अपने क्रिकेट आइडल का बताया नाम, रोहित और विराट नहीं यह खिलाड़ी है उनका आदर्श
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान इन दिनों बांग्लादेश प्रीमियर लीग में कोमिला विक्टोरियन्स के लिए टी20 क्रिकेट खेल रहे हैं। रिजवान ने अपने क्रिकेट आइडल के तौर पर एबी डिविलियर्स का नाम लिया है।
पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान इन दिनों बांग्लादेश प्रीमियर लीग में कोमिला विक्टोरियन्स की तरफ से खेल रहे हैं। बीपीएल के फिलहाल 4 मैचों में रिजवान ने 31.25 के औसत से 125 रन बनाए हैं, जिसमें सिर्फ एक हाफ सेंचुरी शामिल है। मोहम्मद रिजवान टी20 क्रिकेट के स्पेशलिस्ट बल्लेबाज हैं और हाल ही के दिनों में उन्होंने पाकिस्तान टीम के लिए टी20 क्रिकेट में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दिया है। रिजवान की मदद से पाकिस्तान ने कई बड़े मैच जीते हैं। ऐसे में इस स्टाइलिश क्रिकेटर ने अपने क्रिकेट आइडल के बारे में बताया है।

डिविलियर्स हमेशा से मेरे काफी करीब रहे हैं- रिजवान
मोहम्मद रिजवान ने बीपीएल के एक मैच के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान अपने क्रिकेट आइडल का नाम लिया है। रिजवान के आइडल रोहित या विराट कोहली नहीं बल्कि दक्षिण अफ्रीका के पूर्व क्रिकेट एबी डिविलियर्स हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो क्लिप में रिजवान को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मेरे क्रिकेटिंग आइडल एबी डिविलियर्स हैं और वो मेरे हमेशा से काफी करीब रहे हैं। रिजवान ने कहा है कि मैं टी20 और टेस्ट में उनकी तरह ही खेलने की कोशिश करता हूं।

एंकर की भूमिका निभाना शर्मनाक होता है- रिजवान
मोहम्मद रिजवान ने कहा है कि कभी-कभी मैच के दौरान टीम की डिमांड होती है कि मैं परिस्थितियों का आकलन करके पारी को संभालू और स्लो ओवर रेट के साथ खेलूं, लेकिन मेरा तो हमेशा यही मन करता है कि मैच जीतने के लिए 35-35 गेंदों में 60-70 रन बनाऊं। रिजवान ने कहा कि टी20 फॉर्मेट में कभी-कभी एंकर की भूमिका निभाना काफी शर्मनाक होता है। रिजवान का कहना है कि कोई भी टी20 फ्रेंचाइजी उनका चयन जब करती है तो उन्हें कहती है कि बिना रिस्क लिए आप पिच पर जमकर खेले, जिससे बाकी के बल्लेबाज ताबड़तोड़ शॉट खेल सके और उन्हें यह चिंता न हो कि दूसरे छोर पर क्या हो रहा है।

रिजवान के आंकड़े सबकुछ कर रहे हैं बयां
आपको बता दें कि 30 साल के मोहम्मद रिजवान पाकिस्तान के लिए 52 वनडे मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने 32.82 की औसत से 1247 रन बनाए हैं। वनडे में उनके नाम 2 शतक और 8 अर्द्धशतक हैं। टी20 क्रिकेट में भी रिजवान ने 80 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 48.8 की औसत से 2635 रन बनाए हैं। टी20 में उनके नाम एक शतक और 23 अर्द्धशतक हैं। टी20 इंटरनेशनल में उनके आंकड़े ही यह बयां करते हैं कि वो टी20 के स्पेशलिस्ट खिलाड़ी हैं।












Click it and Unblock the Notifications