पहले किया बैन और अब कराया डेब्यू, 38 साल का पाकिस्तानी खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेलेगा पहला टेस्ट
PAK vs SA: दक्षिण अफ्रीका की टीम इस समय टेस्ट क्रिकेट में खेलने के लिए पाकिस्तान दौरे पर आई हुई है। पहला टेस्ट मैच लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके लिए पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में एक 38 साल का खिलाड़ी डेब्यू करने जा रहा है।
38 वर्षीय स्पिनर आसिफ अफरीदी को पहली बार टेस्ट के लिए पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में जगह मिलने की खबरें आ रही हैं। करियर के अंतिम पड़ाव में आकर उनको नाटकीय अंदाज में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा बनाने के आसार हैं। वह इस मैच की योजनाओं में शामिल नहीं थे।

आसिफ ने अपने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में कुल 57 मुकाबले खेलते हुए 198 विकेट हासिल किये हैं। उनकी गेंदबाजी का औसत 25 रहा है। वह लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी करते हैं। उनके साथ 39 साल के नौमान अली भी टीम में हैं। दोनों मिलकर स्पिन की बागडोर संभालेंगे। नौमान अली ने 19 टेस्ट मैच खेलकर कुल 83 विकेट अपने नाम किये हैं।
PAK vs SA: आसिफ को किया गया था बैन
पाकिस्तान में अब पिचों को रैंक टर्नर बनाया जाने लगा है, ताकि उनके स्पिनर विपक्षी बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें पैदा कर सके। आम तौर पर साजिद खान और नौमान अली की स्पिन जोड़ी मैदान पर होती है। साजिद को वायरल बुखार होने की वजह से टीम में शामिल नहीं किया गया और आसिफ अफरीदी को मौका मिल गया। उनको 2023 में एंटी करप्शन नियमों का उल्लंघन करने की वजह से एक साल के लिए बैन किया गया था।
पाकिस्तानी टीम के लिए फ्रेश शुरुआत
वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के नए साइकल में पाकिस्तानी टीम की यह पहली ही सीरीज है। पिछली बार पाकिस्तानी टीम टेबल में सबसे निचले स्थान पर थी। इस बार एक फ्रेश शुरुआत करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास किया जाएगा। बाबर आज़म और रिजवान को भी पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में शामिल किया जाना है। दोनों के ऊपर नजरें रहने वाली हैं।
पाकिस्तानी टीम की पारी अब्दुल्लाह शफीक और इमाम उल हक शुरू करेंगे। शान मसूद तीसरे स्थान पर खेलने वाले हैं। एशिया कप में खराब खेल के बावजूद पाक टीम में सलमान अली को मौका मिला है। शाहीन अफरीदी और हसन अली के रूप में दो तेज गेंदबाज भी हैं।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन
इमाम-उल-हक, अब्दुल्ला शफीक, शान मसूद (कप्तान), बाबर आज़म, सऊद शकील, मोहम्मद रिज़वान (विकेटकीपर), सलमान अली आघा, शाहीन शाह अफरीदी, हसन अली, नौमान अली और आसिफ अफरीदी।












Click it and Unblock the Notifications