पाकिस्तान को हार से बचाने के लिए अलीम डार ने खराब लाईट का बहाना बनाकर रद्द किया खेल, ट्विटर पर हुए ट्रोल
खराबा लाईट के कारण अगर खेल रद्द नहीं होता तो शायद कीवी टीम इस टेस्ट मैच में पाकिस्तान को हरा सकती थी। न्यूजीलैंड ने तेज बैटिंग की थी।

PAK vs NZ: पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच कराची में खेला गया पहला टेस्ट मैच ड्रॉ समाप्त हो गया। पांचवें दिन के अंतिम सेशन तक चला मैच बेनतीजा रहा। पाकिस्तान के अम्पायर अलीम डार को फैन्स के गुस्से का सामना करना पड़ा। डार के ऊपर पक्षपात के आरोप लगे हैं। कहा गया कि पाकिस्तान की हार बचाने के लिए अलीम डार ने खराब लाईट का हवाला देते हुए पांचवें दिन के अंतिम सेशन में खेल रोक दिया और मुकाबला ड्रॉ हो गया।
कीवी टीम को जीतने के लिए 138 रनों का स्कोर करना था और उनके बल्लेबाजों ने इसे संभव बनाने का प्रयास करते हुए तूफानी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। ब्रेसवेल का विकेट जल्दी गंवाने के बाद डेवोन कॉनवे और टॉम लैथम ने 39 गेंदों का सामना करते हुए 57 रन जोड़े। इस तरह न्यूजीलैंड की जीत के आसार दिख रहे थे। मैदानी अंपायर एलेक्स व्हार्फ और अलीम डार ने रौशनी को ठीक नहीं माना और कहा कि यह खेलने के लिए पर्याप्त नहीं है। इसके बाद खेल रद्द करने का निर्णय लिया गया।
इस निर्णय के बाद फैन्स ने अलीम डार को आड़े हाथों लिया। एक फैन ने लिखा कि एलेक्स व्हार्फ़ को कोई समस्या नहीं थी लेकिन पाकिस्तानी अम्पायर अलीम डार ने मैच रोक दिया। इस फैन ने डार को फिक्सर तक कह दिया। एक फैन ने यह भी कहा कि अलीम डार के कारण पाकिस्तान इस मैच में हारने से बच गया। कुछ फैन्स ने इस निर्णय को शर्मनाक कहा। फैन्स ने कहा कि आईसीसी को इस मामले की जांच करनी चाहिए।
गौरतलब है कि खेल रुकने तक न्यूजीलैंड ने 1 विकेट पर 61 रनों का स्कोर खड़ा कर लिया था। कीवी टीम तेजी से रन बना रही थी। टॉम लैथम 24 गेंदों में 35 रन बनाकर क्रीज पर थे। उनके अलावा डेवोन कॉनवे 16 गेंदों में 18 रन बनाकर क्रीज पर थे। पाकिस्तान ने दूसरी पारी 8 विकेट पर 311 रन बनाकर घोषित की थी। कीवी टीम को 138 का लक्ष्य मिला था।












Click it and Unblock the Notifications