PAK vs NZ: बाबर आजम का शतक लेकर आया T20I में नया रिकॉर्ड, रोहित-कोहली भी रह गए पीछे
पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम ने शानदार शतक लगाकर वह उपलब्धि हासिल की है जो दुनिया में बाकी कोई बल्लेबाज अभी तक एक कप्तान के तौर पर नहीं बना पाया है।

पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में दूसरा T20 मुकाबला भी जीत लिया है। इसके साथ ही बाबर आजम एंड कंपनी पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 से आगे हो गई है।
इस मुकाबले में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए जिसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 7 विकेट पर 154 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की पारी की खासियत उसके ओपनिंग बल्लेबाज रहे जिन्होंने काफी समय बाद एकजुट होकर जबरदस्त परफॉर्मेंस दी।
मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम की जोड़ी ने 10.4 ओवर में 99 रन बना डालें। रिजवान 50 रनों की पारी खेलने के बाद आउट हुए लेकिन बाबर आजम का बल्ला लगातार चलता रहा। इस दौरान फखर जमान और सईम अयूब बिना खाता खोले आउट हुए जबकि इमाद वसीम ने केवल 2 रन बनाए।
लेकिन बाबर ने इफ्तिकार अहमद के साथ मिलकर पाकिस्तान का स्कोर काफी आगे पहुंचा दिया। आजम ने अंत तक 58 गेंदों पर 101 रनों की पारी खेली जिसमें 11 चौके व तीन छक्के लगाए। इसके साथ ही बाबर आजम दुनिया के पहले ऐसे कप्तान बन गए हैं जिन्होंने T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 3 शतक लगाए हैं।
Recommended Video

आजम ने 2021 और 2022 में भी ऐसा किया था और अब वे इस साल भी शतक लगा चुके हैं। बाबर के T20 करियर का यह तीसरा ही शतक था। उन्होंने अभी तक 101 मैचों में 42.26 की औसत के साथ 128.81 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की है।
T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अगर ओवरऑल शतक की बात की जाए तो ग्लेन मैक्सवेल, कॉलिन मुनरो, सूर्यकुमार यादव और रोहित शर्मा 4 शतक लगा चुके हैं। बाबर आजम ने ओवरऑल T20 फॉर्मेट में अपना नौवां शतक लगाया है जिसके चलते अब वे केवल क्रिस गेल से ही पीछे हैं।
इतना ही नहीं आजम 42 T20 इंटरनेशनल मैच जीतने के साथ इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोरगन और अफगानिस्तान के असगर अफगान की कैटेगरी में शामिल हो गए हैं जिन्होंने अपनी टीम के लिए बतौर कप्तान सबसे ज्यादा मैच जीते हैं।
आजम ने मैच के बाद कहा कि मैं इस मुकाबले में परफॉर्म करके काफी खुश हूं। मैंने दो अच्छी साझेदारियां की और फिर हमारी गेंदबाजी ने भी बढ़िया काम करके दिया।
पाकिस्तानी गेंदबाजों में हैरिस रऊफ एक बार फिर से चमके। जिन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर चार विकेट लिए। इमाद वसीम, जमान खान और शादाब खान को भी एक-एक विकेट मिला।
न्यूजीलैंड की टीम की ओर से केवल मार्क चैपमैन ही टिक सके जिन्होंने 40 गेंदों पर 65 रनों की नाबाद पारी खेली। इस सीरीज का तीसरा मुकाबला 17 अप्रैल को होगा जहां पाकिस्तान की टीम सीरीज जीतने की ओर देखेगी।












Click it and Unblock the Notifications