Pak vs Ned Weather: कोलंबो में बारिश का खतरा, क्या वर्ल्ड कप के पहले ही राउंड से बाहर होगा पाकिस्तान?
Pak vs Ned Weather: आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ए का पहला मुकाबला शनिवार यानी 7 फरवरी को पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) ग्राउंड पर खेला जाना है। हालांकि, मैच से पहले कोलंबो के मौसम ने सलमान अली आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तानी टीम की चिंताएं बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को भारी बारिश की आशंका है, जिससे मैच धुलने का खतरा मंडरा रहा है।
कोलंबो में बारिश की 83 प्रतिशत संभावना (Pak vs Ned Weather)
एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार को कोलंबो में बारिश की 83 प्रतिशत संभावना है। हालांकि सुबह 11:00 बजे मैच शुरू होने के वक्त बारिश का खतरा केवल 7% है, लेकिन दोपहर 1:00 बजे के बाद यह आंकड़ा अचानक बढ़कर 50% के पार पहुंच जाएगा। शाम 6:00 बजे तक रुक-रुक कर बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है, जिससे खेल में बार-बार बाधा आ सकती है।

पाकिस्तान के लिए जरूरी है जीत
पाकिस्तान के लिए यह मुकाबला तकनीकी रूप से करो या मरो जैसा हो गया है। इसकी मुख्य वजह भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच का बहिष्कार करने का फैसला है। पाकिस्तान सरकार और पीसीबी के इस निर्णय के कारण टीम को भारत के खिलाफ मैच के अंक गंवाने पड़ेंगे। ऐसी स्थिति में यदि नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच बारिश की वजह से रद्द होता है तो पाकिस्तान को केवल 1 अंक मिलेगा। इसके बाद उन्हें सुपर-8 में पहुँचने के लिए अपने बाकी बचे दोनों मैच (USA और नामीबिया के खिलाफ) हर हाल में जीतने होंगे।
पिछली बार USA ने पाकिस्तान को हराया
पिछले वर्ल्ड कप में USA ने पाकिस्तान को हराकर बड़ा उलटफेर किया था, ऐसे में पाकिस्तान के लिए राह कतई आसान नहीं रहने वाली। यदि पाकिस्तान 5 अंकों (USA और नामीबिया पर जीत + नीदरलैंड्स से 1 अंक) पर अटक जाता है, तो नीदरलैंड्स और USA के पास भी 5 अंकों तक पहुंचने का मौका होगा। भारत के क्वालीफाई करने के बाद, ग्रुप से दूसरे पायदान के लिए नेट रन रेट (NRR) की भूमिका बढ़ जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications