VIDEO: पाकिस्तानी गेंदबाजों की उड़ी धज्जियां, हैरी ब्रूक ने 6 गेंदों पर जड़ दिए लगातार 6 चौके
इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली और पहले टेस्ट के पहले ही दिन 500 से ज्यादा रन बना दिए। इंग्लैंड के लिए चार बल्लेबाजों ने एक दिन में शतक जमा दिए। हैरी ब्रूक ने लगातार छह चौके जड़े।
टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड टीम ने बैजबॉल क्रिकेट खेलना शुरू करने के बाद सफलता पाई है। इंग्लैंड के कोच ब्रेंडन मैकलम का दिमाग इस अप्रोच के पीछे है। भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज में अंतिम टेस्ट के दौरान इंग्लैंड ने ऐसा ही खेल दिखाया था। अब पाकिस्तान दौरे पर टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने पाक गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए टी20 के अंदाज में बल्लेबाजी की। इंग्लिश बल्लेबाज हैरी ब्रूक (Harry Brook) ने छह गेंदों पर लगातार छह चौके जड़ दिए।

मुकाबले के पहले दिन इंग्लैंड की पहली पारी के दौरान पाकिस्तान के लेफ्ट आर्म स्पिनर साउद शकील को हैरी ब्रूक ने आड़े हाथों लिया और छह दमदार चौके जमा दिए। इंग्लैंड की पारी का यह 68वां ओवर था। इस ओवर की अंतिम गेंद पर चौका जड़ने के बाद साउद शकील उछल पड़े। उनकी ख़ुशी का ठिकाना नहीं था क्योंकि टेस्ट क्रिकेट में इस तरह के मौके काफी कम देखने को मिलते हैं।
इंग्लैंड के चार बल्लेबाजों के शतक
रावलपिंडी में खेले जा रहे इस मैच के पहले ही दिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने तबाही मचा दी। टॉप क्रम से जैक क्रॉली, बेन डुकेट और ओली पोप ने शतकीय पारियां खेली। इसके बाद हैरी ब्रूक ने भी नाबाद शतक जमा दिया। बल्लेबाजों के लिए मददगार इस पिच पर जो रूट का प्रदर्शन खास नहीं रहा। वह रन बनाने से चूक गए। जो रूट सिर्फ 23 रन बनाकर आउट हो गए।
हैरी ब्रूक रहे नाबाद
दिन का खेल समाप्त होने तक हैरी ब्रूक नाबाद लौटे। वह 101 रन बनाकर अविजित लौटे। उनके साथ कप्तान बेन स्टोक्स 34 रन बनाकर क्रीज पर थे। पहले दिन स्टंप्स तक इंग्लैंड ने 4 विकेट पर 506 रनों का बड़ा स्कोर बोर्ड पर लगा दिया। पाकिस्तान के लिए जाहिद महमूद ने 2 विकेट चटकाए। किसी ने नहीं सोचा था कि इंग्लैंड टीम इस तरह बल्लेबाजी करेगी।












Click it and Unblock the Notifications