Pak Vs Ban: विश्वकप के सेमीफाइनल में की रेस हुई रोमांचक, बांग्लादेश या पाकिस्तान, जानिए किसके पास है मौका
Pak Vs Ban: विश्वकप में एक के बाद एक बड़े उलटफेर हो रहे हैं। एक तरफ जहां लग रहा था कि दक्षिण अफ्रीका प्वाइंट टेबल पर पहले पायदान पर रहेगी। लेकिन एक के बाद एक लगातार दो मैच हारकर दक्षिण अफ्रीका विश्वकप से बाहर हो गया है। नीदरलैंड के खिलाफ मैच में एक बार फिर से दक्षिण अफ्रीका चोकर साबित हुआ। मैच में नीदरलैंड ने 13 रन से जीत दर्ज करके दक्षिण अफ्रीका की घर वापसी करा दी है। साथ ही बांग्लादेश को एक मौका दे दिया है कि वह सेमीफाइनल में अपनी जगह बना सके।

अंक तालिका का गणित
प्वाइंट टेबल पर नजर डालें तो भारत 6 अंकों के साथ पहले पायदान पर है और दक्षिण अफ्रीका की हार के साथ ही भारत सेमीफाइनल में पहुंच गया है। वहीं हार के बाद भी 5 अंकों के साथ दक्षिण अफ्रीका दूसरे पायदान पर है। पाकिस्तान 4 अंकों के साथ बेहतर रन रेट के आधार पर तीसरे पायदान पर है जबकि बांग्लादेश के भी 4 अंक हैं लेकिन वह 5वें पायदान पर है। हालांकि नीदरलैंड ने के भी 4 अंक हैं और वह चौथे पायदान पर है, लेकिन अब वह विश्वकप से बाहर हो चुका है।

बांग्लादेश-पाकिस्तान के पास 50-50 का मौका
पाकिस्तान और बांग्लादेश के बीच मैच काफी रोमांचक होने वाला है। दोनों ही टीमों के पास सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका है। पहले जिस तरह से भारत और जिम्बाब्वे के खिलाफ पाकिस्तान की टीम को हार का मुहं देखना पड़ा था, उसके बाद माना जा रहा था कि पाकिस्तान अब विश्वकप के सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो जाएगा। लेकिन पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा था। हालांकि आज का मैच पाकिस्तान के लिए करो या मरो का मुकाबला है। वहीं बांग्लादेश के लिए भी सेमीफाइनल का दरवाजा खुल गया है और उसके पास अब बैकडोर एंट्री का मौका है।

भारत के लिए जिम्बाब्वे का मुकाबला अहम
प्वाइंट टेबल की बात करें तो ग्रुप-1 में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर चुके हैं। जिस तरह से श्रीलंका को इंग्लैंड ने हराया उसके बाद मेजबान ऑस्ट्रेलिया का इस विश्वकप में सफर खत्म हो गया है। अगर आज भारत जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में जीत दर्ज करता है तो वह पहले पायदान पर रहेगा और उसका मुकाबला सेमीफाइनल में इंग्लैंड से होगा। भारत का न्यूजीलैंड के सामने सेमीफाइनल में रिकॉर्ड अच्छा नहीं रहा है, ऐसे में भारत आज के मैच में जीत जरूर दर्ज करना चाहेगा।












Click it and Unblock the Notifications