On This Day: रोहित-कोहली का आखिरी टी-20, जीत के जश्न में डूबा भारत! बारबाडोस में शान से लहराया तिरंगा
On This Day: 29 जून 2024 का दिन हर भारतीय क्रिकेट फैन के लिए हमेशा यादगार रहेगा। इसी दिन भारत ने 13 साल बाद वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतकर इतिहास रच दिया। बारबाडोस में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2024 के फाइनल में भारत ने साउथ अफ्रीका को बेहद रोमांचक मुकाबले में 7 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। इस मैच का नतीजा आखिरी ओवर में आया, जिससे रोमांच अंत तक बना रहा।
शुरुआत में संकट, लेकिन कोहली ने संभाला मोर्चा (On This Day)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बहुत खराब रही। केशव महाराज ने रोहित शर्मा और ऋषभ पंत को एक ही ओवर में आउट कर दिया। इसके बाद कगिसो रबाडा ने सूर्याकुमार यादव को चलता किया। सिर्फ 39 रन पर तीन विकेट गिर चुके थे। लगातार विकेट गिरने के बाद ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम बेहद कम स्कोर पर ही सिमट जाएगी।

विराट कोहली ने बनाए सबसे अधिक रन
ऐसे मुश्किल समय में विराट कोहली ने मोर्चा संभाला। पूरे टूर्नामेंट में खराब फॉर्म से जूझ रहे कोहली ने सबसे बड़े मैच में दमदार पारी खेली। उन्होंने 76 रन की शानदार पारी खेली। उनके साथ अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने भी उपयोगी योगदान दिया और भारत को 176 रन तक पहुंचाया। भारत ने साउथ अफ्रीका के सामने एक चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
साउथ अफ्रीका जीत के करीब आकर हार गई
जवाब में साउथ अफ्रीका ने तेज शुरुआत की। 14वें ओवर तक वो मजबूत स्थिति में थे। टीम को 36 गेंदों में सिर्फ 54 रन चाहिए थे और 5 विकेट हाथ में थे। तब हेनरिक क्लासेन ने अक्षर पटेल के एक ओवर में 22 रन ठोक दिए। मैच साउथ अफ्रीका की ओर जाता दिख रहा था। 17वें ओवर में हार्दिक पंड्या ने क्लासेन को आउट कर भारत को राहत दी। इसके बाद बुमराह ने कमाल की गेंदबाज़ी करते हुए मार्को जानसन को बोल्ड कर दिया। आखिरी ओवर में डेविड मिलर को सूर्याकुमार यादव ने बाउंड्री पर हवा में उड़ते हुए ऐसा कैच पकड़ा कि मैच का पासा ही पलट गया।
कोहली और रोहित ने लिया संन्यास
जैसे ही भारत ने मैच जीता, पूरा देश जश्न में डूब गया। लेकिन इसके साथ ही एक युग का अंत भी हो गया। विराट कोहली और रोहित शर्मा ने टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने की घोषणा कर दी। दोनों ने विजयी टीम के साथ मैदान छोड़ा। आंखों में आंसू और दिलों में गर्व के साथ इन दोनों ही दिग्गज ने टी-20 फॉर्मेट को अलविदा कह दिया।












Click it and Unblock the Notifications