On This Day: आज ही के दिन वनडे में बना था फास्टेस्ट सेंचुरी का वर्ल्ड रिकॉर्ड
एबी डीविलियर्स के खेलने का अंदाज ही अलग हुआ करता था, उन्होंने तूफानी बैटिंग कर आज ही के दिन सबसे तेज वनडे शतक जड़ा था।

Fastest ODI Century on this day: आज ही के दिन वनडे में सबसे तेज शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना था। 18 जनवरी 2015 को दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स ने सिर्फ 31 गेंदों पर सेंचुरी मार कर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने सौ में से 92 रन सिर्फ चौके छक्के से बनाये थे। यह मैच वेस्टइंडीज के खिलाफ जोहांसबर्ग में खेला गया था। इस एकदिवसीय मैच में दक्षिण अफ्रीका की तरफ से तीन शतक लगे थे। हासिम अमला के नाबाद 153, रिले रुसो के 128 और एबी डिविलियर्स के 149 रनों की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 50 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर 439 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। लेकिन इस मैच को डिविलियर्स की पारी के कारण याद किया जाता है। उन्होंने सिर्फ 44 गेंदों पर 149 रन बनाये जिसमें 9 चौके और 16 छक्के शामिल थे। जैसे कोई सेनापति अपनी तलवार से विपक्षी सेना को गाजर-मूली की तरह काट देता है वैसे ही डिविलियर्स ने अपने बैट से विपक्षी खेमे में कत्लेआम मचा दिया था।
'सरफराज को टीम में नहीं लेना घरेलू क्रिकेट को गाली देने जैसा है,' BCCI पर भड़का पूर्व खिलाड़ी
Recommended Video

क्या सूर्या तोड़ेंगे डिविलियर्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड ?
8 साल से डिविलियर्स का यह रिकॉर्ड अटूट है। टी-20 में धमाल मचाने वाले सूर्य कुमार यादव अभी वनडे में जलवा नहीं दिखा पाये हैं। 17 एकदिवसीय मैच खेले हैं लेकिन कोई सेंचुरी नहीं लगी है। लेकिन उनकी बैटिंग स्टाइल को देख कर माना जाता है कि वे भविष्य में डिविलियर्स का यह रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। हाल ही में जब सूर्या से उनके 360 डिग्री बैटर होने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा था, दुनिया में सिर्फ एक ही 360 डिग्री बल्लेबाज है और वो हैं एबी डिविलियर्स। डिविलियर्स की बैटिंग क्षमता कल्पना से परे थी। वे किसी भी पोजिशन से मैदान के किसी हिस्से में शॉट मारने की काबिलियत रखते थे। वे रिटायर भले हो गये लेकिन उनकी विस्मयकारी पारियां हमेशा याद रहेंगी।

रिकॉर्डतोड़ पारी
डिविलियर्स की रिकॉर्डतोड़ पारी पर जरा गौर करें। उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में पचास रन पूरे कर लिये थे। 45वां ओवर जब खत्म हुआ तो डिविलियर्स 28 गेंदों पर 88 रन बना कर खेल रहे थे। हासिम अमला 137 पर थे। डिविलियर्स के पास कोरी एंडरसन के वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका था। न्यूजीलैंड के कोरी एंडरसन ने 2014 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ही 36 गेंदों पर शतक लगा कर विश्व कीर्तिमान बनाया था। डिविलियर्स भला इस स्वर्णिम मौके को कहां चूकने वाले थे। वेस्टइंडीज के ऑलराउंडर जेसन होल्डर 46वां ओवर फेंकने आये। स्ट्राइक हासिम अमला के पास थी। पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना। दूसरी गेंद पर अमला ने एक रन लिया।

31 गेंदों पर शतक
स्ट्राइक डिविलियर्स के पास आयी तो जल्द शतक पूरा करन के मूड में थे। तीसरी गेंद पर चौका लगाया। उनका स्कोर 92 पर पहुंचा। चौथी गेंद पर छक्का लगाया। डिविलियर्स 30 गेंदें खेल कर 98 पर पहुंचे। पांचवीं गेंद पर फिर छक्का। डिविलियर्स का स्कोर 31 गेंदों पर 104 रन था। एकदिवसीय मैचों में तेज शतक का एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बन चुका था। पूरा स्टेडियम एबी ! एबी ! के शोर में डूब चुका था। दर्शक अपने चहेते खिलाड़ी की ऐतिहासिक पारी देख खुशी में चिल्ला रहे थे। डिविलियर्स ने बल्ला लहरा कर दर्खतों का अभिवादन किया। फिर तो वे और रौद्र रूप में बैटिंग करने लगे। छठी गेंद पर भी छक्का लगा कर होल्डर का बॉलिंग विश्लेषण बिल्कुल बिगाड़ दिया। इस ओवर में डिविलियर्स ने तीन छक्के और एक चौका लगाया। कुल 23 रन बने।

एक ओवर में 30 रन
49वें ओवर में डिविलियर्स के तूफान में वेस्टइंडीज के गेंदबाज ड्योन स्मिथ पत्ते की तरह उड़ गये। इस ओवर में उनकी बैटिंग देखिए- 6,6,4,6,6,2 यानी कुल 30 रन बने। उनका स्कोर 41 गेंद पर 147 हो गया। आखिरी ओवर आंद्रे रसेल फेंकने आये। अमला ने एक रन लिया तो स्ट्राइक डिविलियर्स के पास आयी। स्टेडियम अभी भी एबी ! एबी ! के शोर में डूबा हुआ था। ऐसी आतिशी बल्लेबाजी इसके पहले किसी ने नहीं देखी थी। ऐसा लग रहा था कि जैसे कोई रोबोट बैट लेकर मैदान पर उतर गया है। दूसरी गेंद पर डिविलियर्स ने दो रन बनाये। उनका स्कोर 149 पर पहुंचा। दर्शक और बड़े शॉट्स की उम्मीद कर रहे थे। उन्होंने तीसरी गेंद पर डीप कवर के ऊपर से छक्का लगाने के इरादे से शॉट खेला लेकिन कैच आउट हो गये। इस तरह एक ऐतिहासिक पारी का अंत हो गया। डिविलियर्स ने 338. 63 की स्ट्राइक रेट से 149 रन बनाये।












Click it and Unblock the Notifications