फिर आ गई वो तारीख, जब अनिल कुंबले ने पाकिस्तान को याद कराई थी नानी
नई दिल्ली। क्रिकेट एक ऐसा खेल है जहां आए दिन कई रिकाॅर्ड बनते हैं तो कई टूटते हैं। वहीं क्रिकेट इतिहास में कुछ ऐसे रिकाॅर्ड भी दर्ज हैं, जिनका टूटना मुश्किल लगता है। उन्हीं में से एक पूर्व भारतीय स्पिन गेंदबाज अनिल कुंबले ने भी आज ही के दिन पाकिस्तान को नानी याद कराते हुए खास रिकाॅर्ड बनाया था।
यह भी पढ़ें- IPL Auction : ये हैं वो तीन टीमें, जो शार्दुल ठाकुर को खरीदने के लिए लगाएंगी जोर

आखिर क्या था वो रिकाॅर्ड
कुंबले के लिए आज की तारीख बेहद खास है। साल 1999 में 7 फरवरी को कुंबले ने टेस्ट क्रिकेट की एक ही पारी में 10 विकेट लेने का अद्भुत काम किया था। तब कुंबले ऐसा करिश्मा करने वाले भारत के पहले, जबकि दुनिया के दूसरे गेंदबाज बने थे। उनसे पहले जिम लेकर ने एक पारी में 10 विकेट लेने का काम किया था। फिर 22 साल तक कोई भी अन्य गेंदबाज ऐसा करिश्मा नहीं कर सका था। हालांकि 2021 में न्यूजीलैंड के एजाज पटेल ने भारत के खिलाफ मुंबई में 10 विकेट लेकर इस रिकॉर्ड में अपना नाम भी दर्ज करवाया।

कुंबले ने उड़ाई थीं पाकिस्तान की धज्जियां
स्पिनर कुंबले ने 10 विकेट लेते हुए पाकिस्तान की धज्जियां उड़ा दी थीं। भारत को ना सिर्फ हार से बचाया बल्लि सीरीज गंवाने से भी बचाया था। बात 1999 की है जब पाकिस्तान की टीम दो टेस्ट खेलने भारत आई थी। पहला मैच तो भारत 12 रनों से हार चुका था, जो चेन्नई के चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया था। ऐसे में सीरीज गंवाने का खतरा भी मंडराया लेकिन 4 फरवरी को दिल्ली के फिरोजशाह कोटला में हुए दूसरे टेस्ट में कुंबले ने पाकिस्तान का सीरीज जीतने का सपना तोड़ दिया। पहली पारी में भारत ने सदगोप्पन रमेश (60) आैर मोहम्मद अजहरुद्दीन (67) के अर्धशतक से 252 रन बनाए थे। वहीं पाकिस्तान की पहली पारी में 172 रन बने, जिसमें कुंबले के 4 विकेट रहे। फिर दूसरी पारी में भारत ने ओपनर सदगोपन रमेश (96) की बल्लेबाजी के दम पर भारत ने 339 रन बनाए और पाकिस्तान के सामने जीत के लिए 420 रन का लक्ष्य रखा।
यूं बिखर गई थी मेहमान टीम
लक्ष्य का पीछा करते हुए पहले विकेट के लिए मेहमान टीम ने 101 रन जोड़ लिए थे। लगने लगा कि मैच ड्रा की ओर जाएगा, लेकिन तभी कुंबले ने शाहिद अफरीदी(41) के रूप में विकेट लेकर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद फिर कुंबले ने लगातार गेंदबाजी करते हुए विकेट चटकाना शुरू कर दिए। देखती देखते पाकिस्तान की पूरी टीम 207 रनों पर ढेर हो गई। इस पारी के सभी विकेट कुंबले ने ही लिए और भारत ने 212 रनों से मैच अपने नाम कर सीरीज 1-1 से ड्रा कर दी।
दूसरी पारी में कुंबले ने 26.3 ओवर में 74 रन देते हुए 10 विकेट लिए, जिसकी बदाैलत उन्हें मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड से नवाजा गया। गाैर हो कि कुंबले ने 132 टेस्ट खेले हैं, जिसमें 619 विकेट झटके हैं। इनमें से उन्होंने किसी एक मैच में 5 या इससे अधिक विकेट 35 बार जबकि 10 विकेट 8 बार लिए हैं। कुंबले टेस्ट में सर्वाधिक विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज हैं। उनसे पहले श्रीलंका के मुथैया मुरलीधरन के नाम 800 जबकि आस्ट्रेलिया के शेन वार्न के नाम 708 विकेट हैं।












Click it and Unblock the Notifications