'अगर मौत आनी है तो...,' जावेद मियांदाद ने वर्ल्ड कप से पहले भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर दिया असंवेदनशील बयान
भारत और पाकिस्तान के बीच वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान मैच खेले जाने को लेकर चल रही खबरों के बीच जावेद मियांदाद की बेहद असहज टिप्पणी सामने आई है, जोकि निश्चित रूप से दोनों देशों के संबंध और खराब कर सकती है।

ODI World Cup 2023: भारत और पाकिस्तान के बीच वनडे वर्ल्ड कप 2023 के दौरान मैच कहां खेले जाएंगे इसको लेकर चल रही तमाम अकटलों के बीच अब तक कोई बात बनती नहीं दिख रही है। मंगलवार को आईसीसी के सूत्रों के हवाले से आई रिपोर्ट के अनुसार, भारत में इस साल के आखिर में होने वाले विश्व कप में पाकिस्तान की टीम चेन्नई और कोलकाता में अपने ज्यादातर मैच खेल सकती है। इस बीच पाकिस्तान के पूर्व खिलाड़ी जावेद मियांदाद ने अपने एक जहरीले बयान के जरिए भारत और पाकिस्तान के बीच संबंधों को और खराब करने की कोशिश की है।
पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर ने दिया असंवेदनशील बयान
दरअसल, पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान जावेद मियांदाद ने इस मामले पर बेहद असंवेदनशील रुख अपनाया है। एक तरफ दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव के कारण भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट संबंधों में गतिरोध बना हुआ है, जिसके चलते एशिया कप को लेकर अभी तक कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका है। ताजा जानकारी के अनुसार, टूर्नामेंट को लेकर पाकिस्तान के अपने मूल स्थान पर टिके रहने की संभावना है।
एक दिन पहले ही आई थी पाकिस्तानी टीम के आने को लेकर रिपोर्ट
इससे पहले पीसीबी (PCB) ने विश्व कप से हटने की धमकी दी थी, लेकिन पिछले कुछ महीनों में यह मामला ठंडा पड़ गया है। मंगलवार को एक रिपोर्ट सामने आई जिसमें कहा गया कि आईसीसी सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान अपने विश्व कप मैच कोलकाता और चेन्नई में खेलना पसंद कर सकता है। हालांकि, इस पूरे विवाद के बीच मियांदाद की बेहद असहज टिप्पणी से मामला और बिगड़ना तय है।
मियांदाद ने बयान के जरिए उगला जहर
नादिर अली पोडकास्ट के एक एपिसोड में, मियांदाद से 'सुरक्षा' चिंताओं के कारण पाकिस्तान की यात्रा करने से भारत के इनकार पर उनके विचार के बारे में पूछा गया, जिस पर पूर्व कप्तान ने कहा कि, 'सुरक्षा को भूल जाओ...अगर मौत आनी है तो आनी है, जिंदगी और मौत तो अल्लाह के हाथ में है। बात पिछली बार की है जब हम गए थे, लेकिन तब से वे यहां नहीं आए। अब उनकी बारी है।'
मुंबई आतंकवादी हमलों के बाद से पाकिस्तान से टूट चुके हैं रिश्ते
दरअसल, 2008 के मुंबई आतंकवादी हमलों के बाद से भारत ने पाकिस्तान के साथ अपने सभी क्रिकेट संबंध तोड़ दिए हैं, हालांकि 2012 में एक छोटा दौरा जरूर रहा था। पाकिस्तान के क्रिकेटरों को आईपीएल में खेलने की अनुमति नहीं है और केवल भारत-पाकिस्तान मैच आईसीसी आयोजनों और एशिया कप के दौरान होते हैं। 2019 के फरवरी में जब भारत दुखद पुलवामा हमलों से आहत था, तो कई लोग चाहते थे कि भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ अपने विश्व कप मैच का बहिष्कार करे, लेकिन मैच आगे बढ़ गया।
साल 2021 में न्यूजीलैंड ने एकदिवसीय श्रृंखला की शुरुआत से पहले पाकिस्तान के अपने दौरे को छोड़ दिया और वापस उड़ान भरी। इससे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी करने की पाकिस्तान की विश्वसनीयता को भारी नुकसान हुआ। भले ही इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसी प्रमुख टीमें एक पूर्ण श्रृंखला के लिए पाकिस्तान का दौरा कर रही हों, लेकिन भारत के कुछ पूर्व क्रिकेटर सुरक्षा के बारे में अनिश्चित हैं। हरभजन सिंह ने कहा था कि, भारत को पाकिस्तान की यात्रा नहीं करनी चाहिए क्योंकि यह वहां सुरक्षित नहीं है और जब उनके अपने लोग अपने देश में सुरक्षित महसूस नहीं करते हैं तो हम यात्रा का जोखिम क्यों उठा रहे हैं?'












Click it and Unblock the Notifications