वसीम अकरम ने बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट का किया समर्थन, कहा- वनडे क्रिकेट को तो खत्म कर देना चाहिए
नई दिल्ली, जुलाई 21। हाल ही में इंग्लैंड के धाकड़ ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के वनडे से रिटायरमेंट के बाद वर्ल्ड क्रिकेट में एक नई बहस छिड़ गई है। दरअसल, यह बहस वनडे क्रिकेट के अस्तित्व को लेकर चल रही है, क्योंकि बेन स्टोक्स ने वनडे से संन्यास की घोषणा की है और वो टेस्ट करियर में अपना सफर जारी रखेंगे। अक्सर कोई प्लेयर पहले टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कहता है फिर वनडे और टी20 से संन्यास लेता है। बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने वनडे क्रिकेट को लेकर बड़ा बयान दिया है।

वसीम अकरम ने ऐसा क्यों कहा?
वसीम अकरम ने बेन स्टोक्स के संन्यास के फैसले का समर्थन करते हुए कहा है कि मुझे ऐसा लगता है कि वनडे क्रिकेट को खत्म ही कर देना चाहिए, क्योंकि इंग्लैंड में आपके पास भरे हुए स्टेडियम हैं, लेकिन भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और दक्षिण अफ्रीका में आप स्टेडियम को भरा हुआ नहीं देखेंगे, इसलिए मेरी राय है कि वनडे क्रिकेट को खत्म कर देना चाहिए। आपको बता दें कि वसीम अकरम खुद 356 वनडे खेले हैं, जिसमें उन्होंने 502 विकेट हासिल किए हैं। 1992 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की जीत में वसीम अकरम ने गेंद से अहम योगदान निभाया था।
वसीम अकरम ने बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट के फैसले पर बोलते हुए कहा कि उनका यह फैसला काफी दुखद तो है, लेकिन मैं इस फैसले से खुश हूं, क्योंकि उन्होंने टेस्ट और टी20 पर फोकस करने के लिए ऐसा किया है। उन्होंने कहा कि अब वनडे क्रिकेट केवल खींचा जा रहा है, लेकिन सच्चाई तो यही है कि टी20 के आने के बाद वनडे क्रिकेट का महत्व कम हुआ है। वसीम अकरम ने कहा कि टी20 बहुत आसान और सही गेम है, क्योंकि 4 घंटे में मैच खत्म हो जाता है। दुनियाभर के देशों में जो लीग हो रही हैं, वो टी20 फॉर्मेट में हो रही हैं और यह आधुनिक क्रिकेट का हिस्सा है।
वसीम अकरम ने कहा कि टेस्ट क्रिकेट की लड़ाई में एक लड़ाई नजर आती है, मैंने हमेशा से ही टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता दी है। वन-डे फॉर्मेट मजेदार हुआ करता था, लेकिन टेस्ट मैच ऐसे थे जहां आपको एक ऐसे खिलाड़ी के रूप में पहचाना जाता था जहां लोग अभी भी आपको अभी वर्ल्ड इलेवन में चुनते हैं।












Click it and Unblock the Notifications