NZ vs PAK: न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच सुपर-8 का पहला मैच आज, किसका पलड़ा भारी, कौन मारेगा बाजी?
NZ vs PAK Match Prediction: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के 'सुपर-8' चरण का आगाज शनिवार, 21 फरवरी को एक बेहद कड़े मुकाबले के साथ होने जा रहा है। कोलंबो के ऐतिहासिक आर. प्रेमदासा स्टेडियम में न्यूजीलैंड और पाकिस्तान की टीमें एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोकेंगी। ग्रुप-2 के इस मैच को दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल की राह आसान करने वाले अवसर के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि इसी ग्रुप में इंग्लैंड और मेजबान श्रीलंका जैसी टीमें भी शामिल हैं।
पाकिस्तान को मिली थी बड़ी जीत (NZ vs PAK Match Prediction)
पाकिस्तान की टीम कोलंबो में ऊंचे मनोबल के साथ पहुंची है। ग्रुप स्टेज के आखिरी मैच में नामीबिया पर 102 रनों की बड़ी जीत और सलामी बल्लेबाज साहबजादा फरहान के पहले अंतरराष्ट्रीय टी-20 शतक ने टीम में नई ऊर्जा भरी है। फरहान फिलहाल टूर्नामेंट के शीर्ष स्कोरर हैं। हालांकि, टीम के लिए पूर्व कप्तान बाबर आजम की फॉर्म अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है।

दोनों टीमों में शामिल है कई धुरंधर
पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी मजबूती उनकी स्पिन गेंदबाजी है। कोलंबो की पिच पर टर्न मिलने की उम्मीद है, जहां उस्मान तारिक और शादाब खान जैसे गेंदबाज मैच का रुख बदल सकते हैं। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड ने अपने चार में से तीन मैच जीतकर सुपर-8 में जगह बनाई है। टीम का मध्यक्रम मजबूत नजर आ रहा है, जहां ग्लेन फिलिप्स और रचिन रवींद्र शानदार फॉर्म में हैं।
पिच से किसे मिलेगा फायदा
कीवी टीम के लिए राहत की खबर यह है कि उनके नियमित कप्तान और स्टार स्पिनर मिचेल सेंटनर की वापसी हो रही है, जो पिछले मैच में बीमारी के कारण नहीं खेल पाए थे। ट्रेंट बोल्ट और टिम साउदी की अनुभवी तेज जोड़ी पावरप्ले में पाकिस्तानी बल्लेबाजों की परीक्षा लेने के लिए तैयार है। कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम की पिच पारंपरिक रूप से स्पिनरों की मददगार रही है। हालांकि, शाम के समय बढ़ने वाली उमस तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद दे सकती है। मैच के दौरान बारिश की आशंका भी बनी हुई है, जो रणनीतियों को प्रभावित कर सकती है।
किसका पलड़ा भारी?
आंकड़ों की बात करें तो आईसीसी टूर्नामेंट्स में न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ बेहतर रहा है। लेकिन मौजूदा परिस्थितियों और श्रीलंका की धीमी पिचों पर पाकिस्तान का स्पिन आक्रमण उन्हें थोड़ा 'ऐज' देता है। मैच का फैसला इस बात पर निर्भर करेगा कि न्यूजीलैंड का मध्यक्रम पाकिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर्स को बीच के ओवरों में कैसे खेलता है।












Click it and Unblock the Notifications