NZ vs IND: नेपियर में तीसरा टी20 मैच रहा टाई, लेकिन क्यों नहीं हुआ सुपर ओवर?
New Zealand vs India 3rd T20 न्यूजीलैंड और भारत के बीच तीसरा टी20 आज बारिश की वजह से प्रभावित हुआ। न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 161 रनों का लक्ष्य दिया था। भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा कर ही रही थी कि तभी 9वें ओवर के बाद बारिश की वजह से खेल को रोक दिया गया। डकवर्थ लुइस नियम के तहत टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का स्कोर बराबर रहा और मैच को टाई घोषित कर दिया गया, लेकिन ऐसे में सुपर ओवर नहीं खेला गया।
Recommended Video

बारिश के बावजूद भी कैसे टाई हुआ मुकाबला?
आपको बता दें कि आमतौर पर मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर खेला जाता है। आज के मुकाबले में जिस वक्त बारिश ने मैच में खलल डाला उस वक्त भारत का स्कोर 4 विकेट के नुकसान पर 75 रन था। डकवर्थ लुइस नियम के तहत उस वक्त भारत के रन अगर 76 होते तो भारत मैच जीत जाता, लेकिन 75 रन होने की वजह से मैच को टाई घोषित कर दिया गया और भारत ने तीन मैचों की सीरीज 1-0 से जीत ली।
क्यों नहीं हुआ सुपर ओवर?
आपको बता दें कि इंटरनेशनल क्रिकेट में आमतौर पर कोई मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर कराया जाता है और उसके बाद विजेता का फैसला होता है, लेकिन नेपियर के मैकलीन पार्क में यह संभव नहीं हो पाया, क्योंकि बारिश की वजह से आउटफील्ड काफी गीली थी और वहां सुपर ओवर करा पाना काफी मुश्किल था। खिलाड़ियों के लिए जोखिम भरी परिस्थिति न हो इसके लिए खेल को शुरू नहीं किया गया।
बारिश के वक्त मुश्किल में थी टीम इंडिया
मैच की बात करें तो आज न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। न्यूजीलैंड की टीम 19.4 ओवर में 160 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत को जीत के लिए 161 रन का लक्ष्य मिला। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और 13 के स्कोर पर भी भारत को पहला झटका लग गया था। ईशान किशन 10 रन बनाकर आउट हो गए थे। इसके बाद ऋषभ पंत भी 11 रन का योगदान देकर पवेलियन चलते बने। 21 रन पर भारत के 3 विकेट गिर गए थे। आज सूर्यकुमार यादव का भी बल्ला नहीं चला और वो सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गए।
मुश्किल में फंसी भारतीय पारी को संभालने का काम कप्तान हार्दिक पांड्या और दीपक हुड्डा कर रहे थे कि तभी बारिश ने मैच में खलल डाल दिया। हार्दिक और दीपक हुड्डा दोनों तेजी से रन बना रहे थे ताकि बारिश आने पर डकवर्थ लुइस नियम के तहत स्कोर आगे ही रहे, लेकिन बारिश होने तक भारत केवल स्कोर को बराबर ही कर सका और मैच टाई रहा।












Click it and Unblock the Notifications