NZ vs IND: टीम इंडिया की हार के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे टॉप फनी मीम्स, शार्दुल और पंत हुए ट्रोल
New Zealand vs India 1st ODI न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 1-0 से जीतने के बाद टीम इंडिया वनडे सीरीज का आगाज कर चुकी है। आज सीरीज के पहले मैच में भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के हाथों 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ गया। इस जीत के साथ ही कीवी टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली और फरवरी 2019 के बाद से अपने घर में कोई वनडे मैच नहीं हारने के रिकॉर्ड को भी कायम रखा। न्यूजीलैंड ने फरवरी 2019 के बाद से अपने घर में यह 13वां वनडे जीता है।

भारत की बल्लेबाजी रही शानदार
आपको बता दें कि न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय ओपनर शिखर धवन और शुभमन गिल ने भारत को अच्छी शुरुआत दिलाई, जिसे बाद में श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन और वॉशिंगटन सुंदर ने बरकरार रखा। धवन (72), शुभमन गिल (50), श्रेयस अय्यर (80), संजू सैमसन (36) और वॉशिंगटन सुदंर (37) की पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 307 रन का लक्ष्य दिया था। इस लक्ष्य को मेजबान टीम ने बड़ी आसानी से हासिल कर लिया और 7 विकेट से जीत दर्ज कर ली।
न्यूजीलैंड की जीत के हीरो रहे यह दो खिलाड़ी
न्यूजीलैंड की ओर से जीत के हीरो कप्तान केन विलियम्सन और टॉम लैथम रहे, जिन्होंने चौथे विकेट के लिए 221 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी में टॉम लैथम ने 145 रन की पारी खेली, जबकि विलियम्सन ने 94 रनों का योगदान दिया। लैथम ने अपने वनडे करियर की 7वीं सेंचुरी जड़ी। न्यूजीलैंड की इस जोड़ी के आगे भारतीय गेंदबाज पूरी तरह से बेबस नजर आए। एक समय पर न्यूजीलैंड का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 88 रन था, लेकिन इस जोड़ी ने मैच को एकतरफा कर दिया और 7 विकेट से जीत दर्ज कर दी।
पंत और शार्दुल हुए ट्रोल
मैच खत्म होने के बाद सोशल मीडिया पर ऋषभ पंत और शार्दुल ठाकुर को जबरदस्त ट्रोल किया जा रहा है। वैसे तो भारत की हार को लेकर कई फनी मीम्स सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, लेकिन पंत और शार्दुल को कुछ ज्यादा ही टारगेट किया जा रहा है। आपको बता दें कि भारतीय बल्लेबाजी के दौरान आज ऋषभ पंत का बल्ला फिर नहीं चला और वो सिर्फ 23 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं शार्दुल ठाकुर की आज खूब पिटाई हुई। टॉम लैथम ने शार्दुल को सबसे अधिक टारगेट किया। शार्दुल ने अपने 9 ओवर में 7 की इकॉनोमी से 63 रन लुटाए और सिर्फ 1 विकेट वो निकाल पाए। हद तो तब हो गई जब शार्दुल ने पारी के 40वें ओवर में 25 रन लुटा दिए। इसी ओवर में लैथम ने अपना शतक पूरा किया था।












Click it and Unblock the Notifications