NZ vs ENG: 42 साल बाद इंग्लैंड का सूपड़ा साफ, न्यूजीलैंड ने रचा इतिहास, थमाई शर्मनाक हार
NZ vs ENG, whitewash in ODI series: न्यूजीलैंड ने शनिवार को स्काई स्टेडियम में खेले गए तीसरे और अंतिम वनडे मैच में इंग्लैंड को दो विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया है। यह जीत इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि कीवी टीम ने 42 साल के लंबे इंतजार के बाद इंग्लैंड को वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप किया है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने 1983 में यह कमाल किया था।
रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड को मिली जीत (NZ vs ENG, whitewash in ODI series)
223 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय ऐसा लगा था कि न्यूजीलैंड यह मौका गंवा देगा। एक समय टीम का स्कोर 196 रन पर 8 विकेट हो गया था। लेकिन निचले क्रम के बल्लेबाजों ज़ाकरी फॉल्क्स (नाबाद 14 रन) और ब्लेयर टिकनर (नाबाद 18 रन) ने धैर्य बनाए रखा और टीम को 44.4 ओवर में जीत की मंजिल तक पहुंचाया। इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने इतिहास रचने में सफलता हासिल की।

रचिन रवींद्र और डेरिल मिशेल ने किया कमाल
न्यूजीलैंड की ओर से सलामी बल्लेबाज रचिन रवींद्र (46 रन) और डेवोन कॉनवे (34 रन) ने 78 रनों की मजबूत साझेदारी करके टीम को शानदार शुरुआत दी। इसके बाद अनुभवी बल्लेबाज डेरिल मिशेल ने भी 44 रनों की जुझारू पारी खेली। कप्तान मिचेल सेंटनर ने भी 27 रन का अहम योगदान दिया। हालांकि, इंग्लैंड के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी की लेकिन वह हार को टाल नहीं सके।
222 रनों पर सिमट गई थी इंग्लैंड
इससे पहले न्यूजीलैंड के गेंदबाजों ने इंग्लैंड को पूरे 50 ओवर भी नहीं खेलने दिए और उन्हें 40.2 ओवर में 222 रन पर समेट दिया। तेज गेंदबाज ब्लेयर टिकनर ने चार विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया। जबकि जैकब डफी ने भी तीन विकेट लेकर इंग्लैंड के शीर्ष क्रम की कमर तोड़ दी। इंग्लैंड के लिए केवल जेमी ओवरटन (68 रन) और कप्तान जोस बटलर (38 रन) ही कुछ दमखम दिखा पाएं।












Click it and Unblock the Notifications