NZ vs BAN: टॉम लैथम ने बना डाले 252 रन, तोड़ा 75 साल पुराना अनोखा रिकॉर्ड
क्राइस्टचर्च। माैजूदा समय बांग्लादेश की टीम न्यूजीलैंड के दौरे पर है, जहां दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेल रही हैं। सीरीज का पहला मैच बांग्लादेश ने 8 विकेट से जीता था। दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड ने जोरदार वापसी की। टॉम लैथम ने दोहरा शतक बनाया। उनके दोहरे शतक के दम पर पहली पारी में न्यूजीलैंड ने 6 विकेट पर 521 रन पर अपनी पारी घोषित कर दी। ओपनर टॉम लैथम ने 373 गेंदों में 34 चौकों और दो छक्कों की मदद से 252 रन बनाए। इसी के साथ उन्होंने 75 साल पुराना अनोखा रिकॉर्ड तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें- जब मैच हारने वाला था भारत, गुस्से में आकर दर्शकों ने स्टेडियम में लगा दी आग

तोड़ा 75 साल पुराना अनोखा रिकॉर्ड
दरअसल, एक टेस्ट पारी में पहली गेंद का सामना कर किसी भी न्यूजीलैंड के कप्तान द्वारा खेली गई यह अब तक की सबसे बड़ी पारी है। लैथम से पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड के कप्तान वॉरेन हेडली ने टीम की पारी की पहली गेंद का सामना करने के बाद 116 रनों की पारी खेली थी, जो 1947 में इंग्लैंड के खिलाफ आई थी। इसके अलावा एक अजब संयोग भी देखने को मिला। लैथम को बांग्लादेश के कप्तान मोमिनुल हक ने पवेलियन भेजा था। ऐसे में टेस्ट इतिहास में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब एक दोहरा शतक जड़ने वाले कप्तान को विरोधी टीम के कप्तान ने आउट किया। इससे पहले 1955 में ऐसा देखने को मिला था, जब 219 रन बनाने वाले विंडीज के कप्तान डेनिस एटकिंसन को ऑस्ट्रेलिया के कप्तान इयान जॉनसन ने पवेलियन भेजा था।

टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों का सर्वोच्च स्कोर-
302 - ब्रेंडन मैकुलम (2014)
299 - एम क्रो (1991)
290 रन - रॉस टेलर (2015)
274 - स्टीफन फ्लेमिंग (2003)
267 - ब्रायन यंग (1997)
264 रन*- टॉम लैथम (2018)
262 - स्टीफन फ्लेमिंग (2006)
259 - जी. टर्नर (1973)
252 - टॉम लैथम (2022)
251 रन - केन विलियमसन (2020)

ऐसा करने वाले पहले कीवी कप्तान बने
साथ ही एक और बड़ा रिकॉर्ड टॉम लैथम के नाम दर्ज हो गया है। लैथम बताैर ओपनर न्यूजीलैंड के लिए सबसे कम मैचों में सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में जॉन राइट को पछाड़ा है। राइट ने 82 मैचों की 148 पारियों में 12 शतक लगाए थे तो वहीं लाथम ने सिर्फ 63 मैचों की 110 पारियों में यह कारनामा कर दिखाया है। इसके अलावा न्यूजीलैंड के लिए सबसे अधिक शतक लगाने के मामले में अब वह चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। साथ ही वह कप्तान के रूप में न्यूजीलैंड के लिए दो दोहरे शतक बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज भी बने। इससे पहले ग्लेन टर्नर और ब्रेंडन मैकुलम ने भी दो दोहरे शतक जड़े थे।












Click it and Unblock the Notifications