New Zealand vs Bangladesh: न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को हराया, शाकिब की पारी गई बेकार
न्यूजीलैंड बनाम बांग्लादेश (New Zealand vs Bangladesh) के बीच ट्राई सीरीज के पांचवें मुकाबले में कीवी टीम ने 48 रन से जीत हासिल करने में कामयाबी दर्ज की है। क्राइस्टचर्च में हुए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 208 रन बनाए थे जिसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 160 रन ही बना सकी।

न्यूजीलैंड की ओर से ओपनरों ने अच्छी शुरुआत की और फिन एलन ने 19 गेंद पर 32 रन की पारी खेली। डेवॉन कॉन्वे ने 40 गेंद पर 64 रन बनाए। मार्टिन गुप्टिल तीसरे नंबर पर दिखाई दिए और उन्होंने 27 गेंद पर 34 रन की पारी खेली। सबसे धुआंधार पारी खेली नंबर चार पर आए ग्लेन फिलिप्स ने, जिन्होंने केवल 24 गेंद पर 5 छक्के और दो चौके लगाते हुए 60 रन बना दिए।
इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम के पास केवल शाकिब अल हसन ही एकमात्र खिलाड़ी थे जो कुछ चल सके। बाकी कोई भी बल्लेबाज चल नहीं सका। ओपनर नजमुल होसेन शांटो 11 रन बनाकर आउट हुए जबकि लिटन दास 23 रनों के स्कोर पर ब्रेसवेल का शिकार हुए। सौम्या सरकार ने भी 23 रनों की पारी खेली लेकिन फिर हुसैन ने केवल 4 रन बनाए। कप्तान शाकिब नाबाद रहे और उन्होंने 40 गेंदों पर 70 रनों की पारी खेली जिसमें 8 चौके व एक छक्का लगाया गया।
इस त्रिकोणीय श्रृंखला में तीसरी टीम पाकिस्तान की है और बांग्लादेश का खाता अभी तक नहीं खुला है। बांग्लादेश ने न्यूजीलैंड में हो रही इससे महत्वपूर्ण सीरीज में तीन मुकाबले खेले हैं और तीनों ही हारे हैं। पाकिस्तान की टीम नंबर दो पर है जिन्होंने 3 में 2 मैच जीते हैं और उनके 4 अंक हैं। न्यूजीलैंड की टीम बेहतरीन रन रेट और सबसे ज्यादा जीत के चलते 6 अंक जुटाकर नंबर एक पर मौजूद है जबकि उन्होंने चार मैच खेले हैं।
मैच हारने के बाद बांग्लादेश के कप्तान शाकिब अल हसन ने बल्लेबाजों के साधारण प्रयास को हार का जिम्मेदार ठहराया है। शाकिब ने कहा कि हमने लगातार अंतराल पर विकेट गवाएं जिसके चलते हम मैच भी गंवा बैठे। अगर हम अपनी तीन मुकाबलों की बात करें तो हमने हर दो ओवरों में विकेट गंवाया है जो चेज करने वाली टीम के लिए आदर्श स्थिति नहीं है। ईमानदारी से कहूं तो हमारे पास ज्यादा ऑप्शन नहीं है। हमें पता है हमारी क्या टीम वर्ल्ड कप की ओर बढ़ रही है।












Click it and Unblock the Notifications