World Cup 2023: दलाई लामा की शरण में पहुंची न्यूजीलैंड टीम, महामुकाबले से पहले धर्मगुरु से लिया आशीर्वाद
World Cup 2023: मौजूदा वनडे विश्व कप 2023 में लगातार चार जीत के बाद न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम को भारत के खिलाफ अपनी पहली हार का सामना करना पड़ा। इस झटके के बाद कीवी खिलाड़ी दलाई लामा की शरण में पहुंचे, और परिवार के साथ धर्मगुरू से आशीर्वाद लिया। इन प्लेयर्स में केन विलियमसन, ट्रेंट बोल्ट, टॉम लाथम, लॉकी फर्ग्यूसन और मिचेल सेंटनर प्रमुख थे।
दरअसल, आसीसी वनडे वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड ने पहले इंग्लैंड, नीदरलैंड, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के खिलाफ जीत हासिल की थी। हालांकि, भारत से मिली हार के बाद उनकी जीत की लय टूट गई। इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। वहीं क्रिकेटर्स की तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा के साथ फोटो फैंस के बीच काफी पसंद की जा रही हैं।

भारत बनाम न्यूजीलैंड के मैच में रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, मोहम्मद शमी के शानदार पांच विकेट ने न्यूजीलैंड को कुल 273 रनों पर रोक दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम को रोहित शर्मा और शुबमन गिल ने मजबूत शुरुआत दी।
विराट कोहली की 104 गेंदों पर 95 रनों की शानदार पारी के साथ-साथ रवींद्र जडेजा के साथ 78 रनों की अहम साझेदारी ने भारत को जीत दिलाई। केएल राहुल और सूर्यकुमार यादव के शुरुआती झटकों के बावजूद रोहित की टीम दो ओवर शेष रहते चार विकेट से जीत हासिल करने में सफल रही।
ऑस्ट्रेलिया से होगा न्यूजीलैंड का मैच
आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड का अगला मुकाबला 28 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया से होना है, जोकि धर्मशाला में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड ने पांच मैचों में से चार में जीत दर्ज की है और 8 अंकों के साथ वह अंक तालिका में दूसरे स्थान पर हैं।
वहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने 4 विकेट से जीत हासिल करके वर्ल्ड कप में अपने विजय रथ को जारी रखा है। भारतीय टीम वनडे वर्ल्ड कप में अब तक एक भी मुकाबला नहीं हारी है। पांच मैचों में 10 अंक हासिल कर भारतीय टीम प्वाइंट्स टेबल में टॉप पर मौजूद है।
भारत को अपना अगला मुकाबला अब इंग्लैंड के खिलाफ खेलना है। भारतीय टीम 29 अक्टूबर को इंग्लैंड के साथ लखनऊ के मैदान पर मुकाबला खेलने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications