NEP vs WI: नेपाल ने रचा इतिहास, 2 बार की वर्ल्ड चैंपियन वेस्टइंडीज को हराया, जमाया सीरीज पर कब्जा
NEP vs WI, 2nd T20I: नेपाल ने शारजाह में खेले गए दूसरे टी-20 मुक़ाबले में वेस्ट इंडीज को 90 रनों के बड़े अंतर से हराकर दो मैचों की सीरीज़ पर 2-0 से कब्ज़ा कर लिया है। यह जीत इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि यह किसी टेस्ट खेलने वाले देश के ख़िलाफ़ नेपाल की पहली द्विपक्षीय सीरीज़ जीत है। कप्तान रोहित पौडेल की अगुवाई में नेपाली टीम ने लगातार दूसरे मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रिकेट जगत को चौंका दिया है।
नेपाल ने वेस्टइंडीज को दो बार हराया (NEP vs WI, 2nd T20I)
पहले टी-20 में वेस्टइंडीज के ख़िलाफ़ अपनी पहली जीत दर्ज करने के बाद नेपाल ने लगातार दूसरी बार भी इस सिलसिले को बरकरार रखा। नेपाल ने अब इस सीरीज़ जीत के साथ एक नया अध्याय लिख दिया है। दूसरे टी-20 में नेपाल की जीत का श्रेय मुख्य रूप से उनके गेंदबाज़ों को जाता है। 90 रन की यह बड़ी जीत नेपाल के मज़बूत गेंदबाज़ी आक्रमण की कहानी कहती है।

सिर्फ़ 83 रन पर सिमट गई वेस्टइंडीज
युवा स्पिनर मोहम्मद आदिल आलम ने वेस्टइंडीज के बल्लेबाज़ी क्रम को तहस-नहस करते हुए सिर्फ़ 13 रन देकर चार महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। उनके अलावा कुशल भुर्तेल ने भी अपनी ऑफ़-ब्रेक से तीन विकेट झटके और वेस्ट इंडीज की पूरी टीम 18वें ओवर में सिर्फ़ 83 रन पर सिमट गई। नेपाल की इस धमाकेदार जीत के बाद से ही सोशल मीडिया पर टीम के खिलाड़ियों की तारीफ हो रही है।
नेपाल ने रचा इतिहास
वेस्टइंडीज का यह स्कोर किसी भी फुल-मेंबर टीम का किसी एसोसिएट देश के खिलाफ टी-20 में सबसे कम स्कोर रहा। वहीं, नेपाल की 90 रन से मिली जीत किसी एसोसिएट टीम की रनों के लिहाज़ से फुल-मेंबर के खिलाफ सबसे बड़ी जीत है। इस धमाकेदार प्रदर्शन ने क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। नेपाल ने साबित कर दिया कि अब एसोसिएट टीमें भी दिग्गजों को मात देने की काबिलियत रखती हैं और आने वाले समय में बड़ी चुनौतियां पेश कर सकती हैं।












Click it and Unblock the Notifications