Tanzim Hasan Sakib: 'मेरी मां भी एक महिला...', बवाल मचने के बाद बांग्लादेशी क्रिकेटर ने मांगी माफी
Bangladesh Bowler Tanzim Hasan Sakib: बांग्लादेश के तेज गेंदबाज तंजीम हसन साकिब इस वक्त अपने एक विवादित पोस्ट को लेकर लोगों के निशाने पर हैं। जहां सोशल मीडिया पर लोग उनकी जमकर आलोचना कर रहे हैं वहीं बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भी उन्हें फटकार लगाई है जिसके बाद तंजीम हसन साकिब ने अब लोगों से माफी मांगी है।

दरअसल 20 साल के युवा तेज गेंदबाज तंजीम हसन साकिब की एक पुरानी पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें उन्होंने कामकाजी महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी थीं, जिस पर बवाल मच गया है।
तंजीम हसन साकिब ने ट्वीट किया था
- अगर पत्नी काम करती है तो पति के अधिकार सुनिश्चित नहीं होते।
- अगर पत्नी काम करती है तो बच्चे के अधिकार सुनिश्चित नहीं होते।
- अगर पत्नी काम करती है तो उसकी सुंदरता खराब होती है।
- अगर पत्नी काम करती है तो परिवार बर्बाद हो जाता है।
बांग्लादेशी क्रिकेटर ने मांगी माफी
साकिब की इस पोस्ट के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर भूचाल आ गया और लोगों ने उन्हें 'गंदी सोच' का मालिक बताते हुए जमकर ट्रोल किया। उनके इस अनाप-शनाप कमेंट के चलते बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड की भी आलोचना हुई और उसे भी ट्रोल करने की कोशिश की गई, जिसके बाद बोर्ड ने जमकर युवा क्रिकेटर की क्लास लगाई है और इसलिए अब साकिब ने माफी मांग ली है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने दी सफाई
इस बारे में जानकारी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट ऑपरेशन चीफ जलाल युनूस ने दी, जिन्होंने कहा कि 'तंजीम को अपनी गलती का एहसास हो चुका है इसलिए उसने लोगों से माफी मांगी है, बोर्ड की ओर से उन्हें हिदायत दी गई है कि वो भविष्य में इस तरह की कोई हरकत ना करें।'
' मेरी मां भी तो एक नारी, महिला विरोधी नहीं हूं'
साथ ही उन्होंने ये भी बताया कि तंजीम हसन ने कहा है कि ' वो नारीविरोधी नहीं हैं और ना ही वो ऐसा सोच सकते हैं, आखिर उनकी मां भी तो एक नारी ही हैं, वो पोस्ट उन्होंने अपने लिए लिखी थी, किसी के दिल को दुखाने का उनका कोई इरादा नहीं था, अगर किसी को दुख पहुंचा है तो मैं माफी मांगता हूं।'
'हम उसकी निगरानी करेंगे, उनका परिवार भी चिंतित है'
तो वहीं बोर्ड की ओर से कहा गया है कि 'हम उसकी निगरानी करेंगे, उनका परिवार भी चिंतित है, उन्हें ऐसी स्थिति की उम्मीद नहीं थी, उन्हें भी दुख है, हमने उसे चेतावनी दी है क्योंकि वह एक युवा खिलाड़ी है और विश्व कप सामने है, अगर उसने दोबारा ऐसा कुछ किया तो हम उसके खिलाफ जरूर एक्शन लेंगे।'
'गंदी सोच कभी नहीं बदलती है'
लेकिन माफी मांगने के बावजूद लोगों का गुस्सा उनके लिए कम नहीं हुआ है और वो अभी भी उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा है कि- 'गंदी सोच कभी नहीं बदलती है। ' एक यूजर ने लिखा है कि - Pathetic soch तो किसी ने लिखा कि- 'Typical misogynist सोच।'
भारत के खिलाफ पहला इंटरनेशनल मैच खेला
आपको बता दें कि एशिया कप 2023 में ही तंजीम ने भारत के खिलाफ अपना पहला इंटरनेशनल मैच खेला था। जिसमें उन्होंने कैप्टन रोहित शर्मा और तिलक वर्मा को आउट किया था। भारत के खिलाफ उन्होंने 7.5 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट लिए थे।












Click it and Unblock the Notifications