MI vs KKR: कमबैक मैच में संकटमोचक बने वेंकटेश अय्यर, बुमराह के दम पर मुंबई ने तोड़ी कोलकाता की कमर
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 56वां मैच कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया, जहां पर करो या मरो के मैच में केकेआर की टीम 5 बदलाव कर उतरी। टॉस में हार का सामना करने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने 5 बदलावों के बारे में जानकारी देते हुए साफ किया कि उसने डीवाई पाटिल स्टेडियम पर खेले जाने वाले इस मैच के लिये अजिंक्य रहाणे, वेंकटेश अय्यर, वरुण चक्रवर्ती, शेल्डन जैक्सन और पैट कमिंस की वापसी कराई है। वहीं पर मुंबई इंडियंस को इस मैच में सूर्यकुमार यादव के रूप में एक जबरदस्ती बदलाव करना पड़ा क्योंकि वो लेफ्ट फॉरआर्म में चोट लगने की वजह से सीजन के बचे हुए मैचों से पूरी तरह बाहर हो गये हैं।

कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस हारने के बाद कहा कि वो पहले बल्लेबाजी ही करना चाहते थे और जिस तरह से इस मैच में सलामी बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर (43) और अजिंक्य रहाणे (25) ने पारी का आगाज किया उसे देखकर यह फैसला पूरी तरह सही साबित लग रहा था। हालांकि आखिरी के 10 ओवर में जसप्रीत बुमराह ने अपनी गेंदबाजी से सूरत को पूरी तरह से बदल दिया और बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही केकेआर की टीम को 165 रन पर रोक दिया।
और पढ़ें: T20 विश्वकप में प्रतिबंधित दवा लेकर खेले थे मोहम्मद रिजवान, पीसीबी डॉक्टर ने किया बड़ा खुलासा

कमबैक मैच में चमके अय्यर, राणा ने भी खेली आतिशी पारी
केकेआर के लिये इस मैच में वेंकटेश अय्यर ने जबरदस्त शुरुआत करते हुए महज 24 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों के दम पर 43 रनों की पारी खेली तो वहीं पर रहाणे के साथ पहले विकेट के लिये महज 5.4 ओवर में 60 रनों की साझेदारी कर डाली। कुमार कार्तिकेय ने वेंकटेश अय्यर का विकेट लेकर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई, लेकिन नितिश राणा ने आते ही ताबड़तोड़ अंदाज जारी रखा।
नितिश राणा ने भी 26 गेंदों में 3 चौके और 4 छक्कों के दम पर 43 रनों की पारी खेली तो वहीं पर रहाणे ने 24 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 25 रनों का योगदान दिया। कार्तिकेय ने रहाणे का विकेट लेकर मुंबई को दूसरी सफलता दिलाई तो वहीं पर मुरुगन अश्विन ने श्रेयस अय्यर को पवेलियन भेजकर केकेआर को तीसरा झटका दिया।

बुमराह की आंधी में उड़ी कोलकाता
लेकिन इसके बाद जसप्रीत बुमराह की आंधी ने कोलकाता को उड़ा दिया और बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही कोलकाता अचानक से ही लड़खड़ा गई। पिछले 7 मैचों में एक भी विकेट नहीं हासिल कर पाये जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में आंद्रे रसेल का विकेट लेने से शुरुआत की और फिर एक ही ओवर में नितिश राणा को भी वापस पवेलियन भेज दिया। वहीं 18वें ओवर में जब वो अपना तीसरा ओवर करने आये तो उन्होंने 3 विकेट चटकाये और मेडेन ओवर अपने नाम किये। वहीं पारी का आखिरी ओवर भी बुमराह के नाम रहा और उन्होंने सिर्फ एक रन दिये।

करियर में पहली बार लिया 5 विकेट हॉल
बुमराह ने अपने गेंदबाजी स्पेल में 4 ओवर के दौरान महज 10 रन दिये और अपने आईपीएल करियर का पहला 5 विकेट हॉल अपने नाम किया, जिसके चलते कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम निर्धारित 20 ओवर्स में 9 विकेट खोकर 165 रन ही बना सकी। केकेआर की टीम के लिये इस मैच में अगर वेंकटेश अय्यर ने शुरुआत में विस्फोटक पारी नहीं खेली होती तो जिस अंदाज से उसके निचले क्रम ने प्रदर्शन किया है उसका 100 रन के आंकड़े को पार करना भी मुश्किल होता। वहीं रिंकू सिंह ने भी 19 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से 22 रनों का योगदान दिया और टीम को ऑलआउट होने से बचाया।












Click it and Unblock the Notifications