T20 विश्वकप में प्रतिबंधित दवा लेकर खेले थे मोहम्मद रिजवान, पीसीबी डॉक्टर ने किया बड़ा खुलासा
नई दिल्ली। पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान के लिये पिछला साल बेहद शानदार रहा जिन्होंने पाकिस्तान के लिये खेलते हुए अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में न सिर्फ एक हजार से ज्यादा रन बनाये बल्कि यूएई में खेले गये टी20 विश्वकप में सेमीफाइनल तक पहुंची टीम के लिये भी अहम रोल निभाया। मोहम्मद रिजवान ने भारत के खिलाफ शानदार पारी खेली और लगातार मैच जिताऊ पारियां खेलकर अपनी टीम को सेमीफाइनल तक पहुंचाया। हालांकि जब पाकिस्तान की टीम सेमीफाइनल खेलने से दो दिन दूर रह गई थी तभी उनकी तबियत बहुत ज्यादा खराब हो गई और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गये इस सेमीफाइनल मैच में इसके बावजूद मोहम्मद रिजवान ने वापसी की और अपनी टीम के लिये 67 रनों की अहम पारी खेली। अपनी इस पारी और खेल के प्रति जुनून के चलते उन्हें क्रिकेट जगत के कई बड़े दिग्गजों से खूब तारीफ भी मिली। हालांकि उनकी यह पारी पाकिस्तान के काम नहीं आई और उसके बावजूद उसे हार का सामना करना पड़ा। मैथ्यू वैड की पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने मैच जीतकर फाइनल में जगह बना ली।

प्रतिबंधित दवा लेकर खेले थे मोहम्मद रिजवान
मोहम्मद रिजवान अपनी पारियों के दम पर इस टी20 टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे बल्लेबाज बनें और 6 मैचों में 281 रन बनाये। उल्लेखनीय है की सेमीफाइनल मैच से पहले रिजवान की छाती में इन्फेक्शन हो गया था जिसके चलते उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। पीसीबी के डॉक्टर नजीबुल्लाह सूमरो ने इस घटना को याद किया और बताया कि इस पूरी घटना के दौरान रिजवान काफी मुश्किल परिस्थितियों से गुजरे और उन्हें बचाने के लिये टीम को आईसीसी से प्रतिबंधित दवा का इस्तेमाल करने की इजाजत लेनी पड़ी।

आईसीसी से लेनी पड़ी थी इजाजत
रिजवान के साथ दिये गये एक इंटरव्यू में सूमरो ने कहा,'आप सांस नहीं ले पा रहे थे और हमें आपको इंजेक्शन लगाने से पहले आईसीसी से इजाजत लेनी पड़ी थी। दरअसल जिस दवा से आपको मदद मिल सकती थी तो खिलाड़ियों और एथलीट के लिये प्रतिबंधित थी लेकिन आपके केस में कोई और विकल्प न होने की वजह से हमें आईसीसी से परमिशन लेनी पड़ी।'

सेमीफानल से पहले हालत हुई गंभीर
गौरतलब है कि अस्पताल में भर्ती कराये जाने से 3-5 दिन पहले मोहम्मद रिजवान बुखार, लगातार खांसी और छाती के इन्फेक्शन से जूझ रहे थे। वहीं टेस्ट कराये जाने के बाद साफ हुई कि रिजवान लैरिंगल इंफेक्शन से जूझ रहे थे जिसके बढ़ जाने की वजह से यह ओएजोफगल स्पैज्म और ब्रोनोकोस्पास्जम की समस्या भी हो गई थी। रिजवान इस समय इंग्लिश काउंटी ससेक्स के लिये काउंटी चैम्पियनशिप में खेल रहे हैं, जहां पर उन्होंने भारतीय क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा के साथ जबरदस्त साझेदारी करते हुए 79 रनों की पारी खेली।

जब अस्पताल पहुंचा तो सांस नहीं ले पा रहा था
इससे पहले मोहम्मद रिजवान ने अपनी बीमारी की गंभीरता के बारे में जानकारी देते हुए कहा था कि जब वो अस्पताल पहुंचे थे तब वो सांस नहीं ले रहे थे।
उन्होंने कहा,'जब मैं अस्पताल पहुंचा तो मैं सांस नहीं ले पा रहा था और नर्स ने मुझे बताया कि मेरी सांस की नली पूरी तरह से जाम थी। वो मुझे कुछ भी नहीं बता रहे थे। मुझे यह बताया गया कि मैं सुबह तक ठीक हो जाउंगा और मुझे डिस्चार्ज कर दिया जायेगा। दोपहर में मुझे कहा गया कि मुझे शाम तक छुट्टी मिल जायेगी। तो मैंने वहां मौजूद एक नर्स से पूछा और उन्होंने कहा कि अगर मुझे हॉस्पिटल पहुंचने में 20 मिनट भी देरी हो जाती तो मेरी दोनों सांस की नलियां फट जाती। मुझे कम से कम दो रातों के लिये वहां और रहना होगा। डॉक्टर ने मुझे कहा कि वो चाहते हैं कि मैं पाकिस्तान के लिये सेमीफाइनल खेलूं लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि मेरी परिस्तिथि खेलने वाली नहीं है। इसकी वजह से मुझे झटका लगा, उन्होंने कहा अगर मैं खेलूंगा तो भारी दिक्कत हो सकती है और इसमें जोखिम है। सौभाग्य से मेरी हालत में सुधार होने लगा और मैं खेलने लगा।'












Click it and Unblock the Notifications