'नाम और सम्मान खत्म होता जा रहा है,' दिल्ली के खिलाफ हार के बाद पूर्व क्रिकेटर ने MS Dhoni पर बोला बड़ा हमला!
आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लगातार गिरते प्रदर्शन के बीच टीम के सबसे बड़े स्टार महेंद्र सिंह धोनी को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। भारत के पूर्व क्रिकेटर और बंगाल के मंत्री मनोज तिवारी ने खुलकर कहा है कि धोनी को IPL 2023 की जीत के बाद ही संन्यास ले लेना चाहिए था। तिवारी का मानना है कि अब धोनी का जादू फीका पड़ रहा है और वे धीरे-धीरे फैंस का भरोसा और सम्मान दोनों खो रहे हैं।
क्रिकबज़ से बातचीत में मनोज तिवारी ने कहा कि, 'मुझे लगता है 2023 जब उन्होंने ट्रॉफी जीती थी, वही राइट टाइम था रिटायर होने का। अब जो नाम, शोहरत और इज़्ज़त उन्होंने क्रिकेट से कमाई थी, वो धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है।'

अब नहीं चल रहा धोनी का जादू
उन्होंने यह भी जोड़ा कि हालिया मैचों में धोनी की धीमी बल्लेबाज़ी और सीमित योगदान ने फैंस को निराश किया है। तिवारी ने कहा कि, फैंस अब उन्हें इस तरह खेलते हुए नहीं देखना चाहते। चेन्नई के फैंस जो दिल से उनसे जुड़े हैं, अब सड़कों पर उनके खिलाफ बोल रहे हैं- ये साफ संकेत है कि अब जादू नहीं चल रहा।'
बैटिंग पोजिशन और फिटनेस को लेकर भी उठे सवाल
धोनी ने अब तक खेले चार मैचों में सिर्फ 76 रन बनाए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शनिवार (5 अप्रैल) को धोनी ने 26 गेंदों में 30 रन बनाए, लेकिन टीम को लगातार तीसरी हार का सामना करना पड़ा। इस प्रदर्शन के बाद तिवारी ने सीधा सवाल किया कि यदि धोनी 20 ओवर तक विकेटकीपिंग कर सकते हैं, रन आउट कर सकते हैं, तो फिर बल्लेबाज़ी में सिर्फ 10 ओवर तक क्यों सीमित रखा जा रहा है?
उन्होंने कहा कि, अगर आप विकेटकीपिंग कर सकते हो- जहां आपको बार-बार उठना, झुकना, डाइव करना पड़ता है- तो बल्लेबाज़ी में क्यों कहा जा रहा है कि 10 ओवर से ज़्यादा नहीं खेल सकते? जब टीम को आपकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत है, तब ऐसे बहाने क्यों?' मनोज तिवारी ने टीम मैनेजमेंट पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि अब वक्त आ गया है जब कोई सख्त फ़ैसला लिया जाए।
उन्होंने कोच स्टीफन फ्लेमिंग के उस बयान पर भी कटाक्ष किया, जिसमें कहा गया था कि धोनी ज़्यादा देर तक बैटिंग नहीं कर सकते। तिवारी का कहना है कि ऐसे तर्क टीम की रणनीति को कमजोर कर रहे हैं। CSK का अगला मुकाबला 8 अप्रैल को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मुलनपुर में होना है। टीम के लगातार खराब प्रदर्शन और आंतरिक रणनीतियों को लेकर बढ़ती आलोचनाओं के बीच यह मुकाबला बेहद अहम साबित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications