IPL 2026 में कितनी होगी MS Dhoni की सैलरी, क्या CSK को छोड़ किसी और टीम में जाएंगे थाला?
MS Dhoni IPL Salary: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अगले आईपीएल सीजन यानी IPL 2026 में भी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। यह उनका 19वां IPL सीज़न होगा। धोनी पिछले दो सीज़न से घुटने की समस्या से जूझ रहे हैं। इसके बावजूद फ्रेंचाइजी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए हुए हैं। CSK ने आधिकारिक तौर पर उनकी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है।
क्या सैलरी में होगी बढ़ोतरी (MS Dhoni IPL Salary)
आईपीएल 2025 के मेगा-ऑक्शन से पहले धोनी ने एक बड़ा फैसला लेते हुए खुद को अनकैप्ड कैटेगरी में 4 करोड़ में रिटेन करने पर सहमति दी थी। वह चाहते तो ऑक्शन में उतरकर 20 करोड़ से अधिक की राशि कमा सकते थे, लेकिन उन्होंने CSK के प्रति अपनी वफादारी को चुना। अब सवाल यह है कि क्या IPL 2026 में उनका वेतन बढ़ेगा? क्योंकि पिछले सीजन उन्हें सिर्फ 4 करोड़ मिले थे।

नहीं बढ़ेगी धोनी की सैलरी
आईपीएल में खिलाड़ियों को आमतौर पर तीन साल का अनुबंध दिया जाता है, और इस अवधि के लिए उनका वेतन स्थिर रहता है। इसलिए आईपीएल 2026 में भी धोनी का वेतन 4 करोड़ ही रहेगा। कभी आईपीएल के सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों में से एक रहे धोनी, अब उन दिग्गजों में शामिल हैं जिनका वेतन काफी कम है। लेकिन उनकी CSK के प्रति वफादारी पर कोई संदेह नहीं है। यह लगभग तय है कि वह पीली जर्सी में ही संन्यास लेंगे। वह किसी और टीम के लिए कभी भी आईपीएल नहीं खेलेंगे।
धोनी की कप्तानी में दमदार रहा है सीएसके का प्रदर्शन
साल 2008 में CSK के साथ अपने आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले धोनी ने फ्रैंचाइज़ी को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। धोनी की कप्तानी में CSK ने पांच बार IPL का खिताब जीता है (2010, 2011, 2018, 2021 और 2023)। CSK ने 2008 में फाइनल में जगह बनाई और 2012, 2013, 2015 और 2019 में उपविजेता रही। धोनी के नेतृत्व में CSK ने 221 IPL मैचों में से 131 में जीत हासिल की है।












Click it and Unblock the Notifications