MS Dhoni Birthday: धोनी के जन्मदिन पर लगा 52 फीट का कट आउट, 'माही के मतवालों' ने शुरू की जश्न की तैयारी
MS Dhoni Birthday, News: भारतीय क्रिकेट टीम के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी शुक्रवार यानी 7 तारीख को अपना 42वां जन्मदिन सेलिब्रेट करेंगे। धोनी की फैन फॉलोइंग भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में है। दुनिया के हर कोने से लोग धोनी की बल्लेबाजी देखने के लिए स्टेडियम पहुंचते हैं। आईपीएल 2023 में भी उन्हें फैंस की ओर से खासा प्यार मिला था।
42 साल के हो जाएंगे धोनी: धोनी के जन्मदिन से पहले फैंस के बीच इसकी तैयारी देखने को मिल रही है। हैदराबाद में धोनी का 52 फीट ऊंचा कट आउट लगाया गया है। इस कट आउट में एमएस धोनी का विशाल रूप देखने को मिल रहा है। धोनी भारतीय टीम की वनडे जर्सी पहनकर हाथ में बल्ला लिए नजर आ रहे हैं। साल 2011 वर्ल्ड कप फाइनल के दौरान की धोनी की यह तस्वीर मालूम पड़ती है।

सोशल मीडिया पर वायरल: धोनी की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है। ऐसी उम्मीद जताई जा रही है कि हर साल की तरह धोनी अपनी पत्नी और बेटी जीवा के साथ जन्मदिन मनाएंगे। फैंस अभी से धोनी के जन्मदिन का इंतजार कर रहे हैं। धोनी की शादी 4 जुलाई 2010 को साक्षी रावत से हुई थी। यानी धोनी ने अपने जन्मदिन से ठीक तीन दिन पहले शादी रचाई थी।
साल 2020 में लिया था संन्यास: महेंद्र सिंह धोनी ने साल 2020 में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। उन्होंने अपना आखिरी मैच 2019 वर्ल्डकप में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इस मैच में वह रन आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। जिसकी तस्वीरें आज भी फैंस के जहन में ताजा है। इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के बावजूद धोनी आईपीएल में धमाका कर रहे हैं।
आईपीएल में मचा रहे हैं धमाल: धोनी ने आईपीएल 2023 में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए एक बार फिर फिनिशर की भूमिका निभाने का काम किया। वह आईपीएल 2024 में भी खेलते हुए नजर आएंगे। धोनी ने खुद इस बात की पुष्टि की कि वो फैंस का प्यार देखते हुए एक सीजन और आईपीएल में हिस्सा लेना चाहेंगे। ऐसे में फैंस एक बार फिर माही को मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात करते देख सकेंगे।












Click it and Unblock the Notifications