क्रिकेट जगत में पसरा मातम, संन्यास के बाद वापस आने वाले खिलाड़ी का निधन, ऑस्ट्रेलिया से है नाता
क्रिकेट जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया के एक खिलाड़ी का निधन हो गया है, यह ऐसा प्लेयर है, जो रिटायर होने के बाद वापस इंटरनेशनल क्रिकेट में आ गया था। ऑस्ट्रेलिया की टीम में लम्बे समय तक खेलने वाले इस खिलाड़ी ने बतौर बल्लेबाज धमाल मचाया था।
निधन होने वाला यह खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि बॉब सिम्पसन हैं, वह 89 वर्ष के थे। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन माइक बेयर्ड ने कहा कि बॉब सिम्पसन ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के महान खिलाड़ियों में से एक थे, और आज का दिन उन सभी के लिए दुखद है जो उन्हें खेलते हुए देखने का सौभाग्य पा चुके हैं या जिन्होंने उनकी बुद्धिमत्ता से लाभ उठाया है।

सिम्पसन ने ऑस्ट्रेलिया के लिए साल 1957 में डेब्यू कर लिया था, उस समय दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ उन्होंने शुरुआत की थी। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 27 फिफ्टी और 10 शतक हैं। कुल 4869 रन उनके बल्ले से आए और औसत लगभग 47 का था। वह एक धांसू ओपनिंग बल्लेबाज हुआ करते थे, जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए 62 टेस्ट खेले।
सिम्पसन ने 1968 में भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज़ के बाद क्रिकेट से संन्यास ले लिया था, लेकिन 1977 में उन्होंने एक बार फिर मैदान पर वापसी की। उस समय उनकी उम्र 41 वर्ष थी। वर्ल्ड सीरीज़ क्रिकेट के कारण जब कई प्रमुख खिलाड़ी टीम छोड़ चुके थे, तब उन्होंने एक बार फिर टीम की कमान संभाली।
धाकड़ बल्लेबाज होने के अलावा सिम्पसन एक बेहतरीन गेंदबाज भी थे। वह लेग स्पिन गेंदबाजी करते थे और 71 विकेट हासिल करने में सफल रहे। उनके करियर की बेस्ट गेंदबाजी भारतीय टीम के खिलाफ देखने को मिली थी, यह उनके अंतिम टेस्ट में आई, जहां 8 विकेट उनके खाते में आए। दूसरी बार रिटायर होने से पहले सिम्पसन ने भारत के अलावा वेस्टइंडीज के खिलाफ भी सीरीज खेली थी। बाद में संन्यास लेकर वह चले गए।












Click it and Unblock the Notifications