मोहम्मद सिराज की टेस्ट रैंकिंग में 12 स्थानों का उछाल, जायसवाल ने काटा बवाल, गिल को तगड़ा झटका
ICC Test Rankings: इंग्लैंड और भारत के बीच टेस्ट सीरीज समाप्त होने के बाद आज आईसीसी ने रैंकिंग जारी कर दी। ताजा रैंकिंग में टीम इंडिया के कुछ खिलाड़ियों को चमकने का मौका मिला है और कुछ को घाटा भी हुआ है। मोहम्मद सिराज को ओवल टेस्ट में 9 विकेट लेने का जबरदस्त फायदा हुआ है।
सिराज ने ओवल टेस्ट की दूसरी पारी में कुल 5 विकेट झटकते हुए टीम इंडिया को जीत दिला दी थी। इस बीच अब आईसीसी द्वारा जारी रैंकिंग में सिराज ने कई स्थानों की छलांग लगाते हुए धमाल मचा दिया है। बल्लेबाजों की रैंकिंग में यशस्वी जायसवाल ने तहलका मचाया है।

ICC Test Rankings: सिराज का धमाका
मोहम्मद सिराज ने एक बार में ही 12 स्थानों की छलांग लगाई है और वह अब 15वें स्थान पर आ गए हैं। रविन्द्र जडेजा को गेंदबाजों की रैंकिंग में नुकसान हुआ है। वह तीन स्थान नीचे गिर गए हैं। जडेजा अब 17वें नंबर पर आ गए हैं। गस एटकिंसन 2 स्थान ऊपर जाकर नंबर 10 पर आ गए हैं, उनके साथ इसी नंबर पर स्टार्क हैं। जसप्रीत बुमराह अब भी टॉप स्थान पर बने हुए हैं।
जायसवाल ने किया कमाल, गिल को नुकसान
बल्लेबाजों की रैंकिंग में टॉप भारतीय खिलाड़ी यशस्वी जायसवाल हैं। उनको ओवल में शतक जड़ने का फायदा हुआ है। जायसवाल को तीन स्थानों का फायदा हुआ है। पिछले सप्ताह वह नीचे चले गए थे और अब पांचवें स्थान पर आ गए हैं। ऋषभ पंत को एक स्थान का नुकसान हुआ है, वह अब आठवें स्थान पर हैं और शुभमन गिल को तगड़ा झटका लगा है। वह 4 स्थान नीचे गिरकर 13वें स्थान पर चले गए। गिल पिछले सप्ताह टॉप 10 में शामिल थे।
इंग्लैंड की तरफ से जो रूट पहले स्थान पर हैं और अब हैरी ब्रूक दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने केन विलियमसन को पीछे छोड़ दिया है। रूट और ब्रूक दोनों ने ओवल टेस्ट में शतकीय पारियां खेली थी।
ICC Test Rankings: जडेजा टॉप पर
ऑल राउंडरों की रैंकिंग में रविन्द्र जडेजा टॉप स्थान पर हैं। दूसरे नंबर पर बांग्लादेश के मेहदी हसन मिराज हैं लेकिन दोनों के बीच काफी ज्यादा रेटिंग पॉइंट्स का फर्क है। जडेजा उनसे 100 अंक आगे हैं। टॉप 10 में अन्य कोई भारतीय नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications