मोहम्मद कैफ बोले- वो T20 का खलीफा है, उसे वर्ल्ड कप खेलना चाहिए
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में कई भारतीय क्रिकेटरों का विस्फोटक खेल देखने को मिल रहा है। 36 साल के दिनेश कार्तिक ने सबको हैरान किया है जिन्होंने आरसीबी के लिए खेलते हुए अभी तक खूब रन कूटे। लेकिन उनके अलावा एक और भारतीय दिग्गज भी है जो इस सीजन में विराट कोहली और रोहित शर्मा से भी बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। वो कोई और नहीं, बल्कि शिखर धवन हैं, जिनके फाॅर्म से पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ काफी प्रभावित हुए हैं।
यह भी पढ़ें- हरभजन सिंह ने चुनी ऑलटाइम IPL इलेवन, इस महान खिलाड़ी को बनाया कप्तान

बुर्ज खलीफा से की तुलना
पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के लिए ओपनिंग कर रहे भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने टूर्नामेंट में एक बार फिर से अपनी योग्यता साबित की। उन्होंने लीग के 38वें मुकाबले में रवींद्र जडेजा की अगुवाई वाली चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ 59 गेंदों में नाबाद 88 रन बनाए। ऐसे में मोहम्मद कैफ ने धवन की प्रशंसा की और उनकी बुर्ज खलीफा से तुलना करते हुए 'टी 20 का खलीफा' बताया।

टी20 विश्व कप टीम में शामिल करने की कही बात
कैफ ने अपने विचार साझा करने के लिए ट्विटर का सहारा लिया जहां उन्होंने कहा कि अगर धोनी थाला हैं और कोहली किंग हैं, तो धवन टी20 प्रारूप के खलीफा के रूप में हैं और उन्होंने कहा कि बाएं हाथ के बल्लेबाज को आईसीसी के लिए भारत की टी20 टीम का हिस्सा होना चाहिए। टी20 वर्ल्ड कप इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में खेला जाएगा। कैफ ने ट्वीट किया, "धोनी थाला है, कोहली किंग है और शिखर? 6000 आईपीएल रन, दबाव में, वह T20 का खलीफा है। उसे टी20 विश्व कप खेलना चाहिए। मुझसे मत पूछो, अगर मैं चयनकर्ता होता, तो मैं आपको बताता।"

बिके थे करोड़ों में
धवन को पंजाब ने आईपीएल 2022 मेगा नीलामी में 8.25 करोड़ रुपए में खरीदा था। धवन की पारी ने पंजाब को 187 के स्कोर तक पहुंचाने में मदद की थी और चेन्नई जवाब में 11 रनों से हार गई थी। धवन ने मैच के बाद कहा था, "एक बार जब मैं सेट हो जाता हूं, तो मैं उन क्षेत्रों में बाउंड्री लगा सकता हूं, जहां मुझे भरोसा रहता है। पहले बल्लेबाजी करते समय यह गेंदबाजों पर दबाव डालने और बाउंड्री हासिल करने के बारे में है। हम ऐसा नहीं करते हैं। बहुत सारे विकेट गंवाने पड़े, यह हमारा सचेत प्रयास था। मैं टीम में सीनियर बन गया हूं। मैं खिलाड़ियों और अपने कप्तान को मैदान पर बहुत इनपुट देता हूं। युवा बहुत सोचते हैं, कभी-कभी वे बहुत ज्यादा सोचने लग पड़ते हैं। इसलिए मैं उनके साथ बात करने की कोशिश करता हूं। मैं उनसे जीवन में बड़ा हासिल करने के तरीके के बारे में बात करता हूं।"












Click it and Unblock the Notifications