वैभव सूर्यवंशी के कारण दो स्टार खिलाड़ियों की जगह पर खतरा, दिग्गज खिलाड़ी ने की भविष्यवाणी
भारतीय टी20 टीम में वैभव सूर्यवंशी को लेकर चर्चा लगातार बढ़ रही है। अब पूर्व भारतीय बल्लेबाज मोहम्मद कैफ ने दावा किया है कि अगले छह महीने में यह युवा बल्लेबाज भारत की पहली पसंद वाली प्लेइंग इलेवन में जगह बना लेगा। कैफ के मुताबिक इसके लिए तिलक वर्मा या शिवम दुबे में से किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है।
कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि मैं समझता हूं कि तिलक उपकप्तान हैं। उपकप्तान भी पहले बाहर किए गए हैं। शिवम दुबे हर मैच में रन नहीं बना रहे हैं और उन्हें अभी खुद को साबित करना है। फील्डिंग भी उनकी कमजोरी है और वह पूरी तरह के गेंदबाजी ऑलराउंडर नहीं हैं। वह सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर खेल रहे हैं। छह महीने बाद तिलक या दुबे बाहर होंगे। आपको एक को हटाना पड़ेगा और सूर्यवंशी खेलेगा।

कैफ ने वैभव की बल्लेबाजी के साथ उनकी गेंदबाजी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दलीप ट्रॉफी में वैभव ने रन बनाने के अलावा गेंदबाजी भी की और अगर वह कुछ ओवर देने में सक्षम होते हैं तो इससे उन्हें टीम में जगह बनाने में फायदा मिल सकता है।
आंकड़े भी वैभव की कहानी बताते हैं
2026 में अपने शुरुआती छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में वैभव ने 193 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 189.22 रहा है। वहीं आईपीएल 2026 में उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए और 237.51 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उनके बल्ले से 72 छक्के निकले।
हालांकि तिलक और दुबे के आंकड़े भी कमजोर नहीं हैं। तिलक ने 2026 में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 395 रन बनाए हैं, जबकि दुबे के नाम 415 रन हैं। उनके स्ट्राइक रेट क्रमशः 154.90 और 170.78 रहे हैं।
तीनों की अलग-अलग खासियत
यही वजह है कि असली सवाल किसी एक खिलाड़ी के खराब प्रदर्शन का नहीं, बल्कि टीम कॉम्बिनेशन का है। तिलक इस समय उपकप्तान हैं, जबकि दुबे को बल्लेबाजी के साथ गेंदबाजी विकल्प के रूप में भी देखा जाता है। दूसरी ओर वैभव का सबसे बड़ा हथियार उनका बेहद तेज रन बनाने वाला अंदाज है। आने वाले समय में वैभव सूर्यवंशी कई प्लेयर्स के लिए एक बड़ा खतरा बनकर आएंगे।


Click it and Unblock the Notifications
