Operation Sindoor के वक्त POK में फंसे थे इस क्रिकेटर के माता-पिता, KKR के धुरंधर का छलका दर्द
Moeen Ali on Operation Sindoor: आईपीएल 2025 कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए एक निराशाजनक सीजन साबित हुआ। आरसीबी और केकेआर के बीच मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया, जिसके साथ ही केकेआर की टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई। आईपीएल 2024 में केकेआर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर ट्रॉफी जीती थी, लेकिन इस सीजन में टीम का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा।
केकेआर हुई प्लेऑफ से बाहर (Moeen Ali on Operation Sindoor)
अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर की टीम खिताब को बचाने में नाकाम रही। इस सीजन के लिए केकेआर ने इंग्लैंड धाकड़ ऑलराउंडर मोईन अली को अपने साथ जोड़ा था। लेकिन मोईन अली भी गेंद और बल्ले दोनों से ही बेहतर प्रदर्शन करने में नाकाम रहे। आईपीएल 2025 से बाहर होने के बाद मोईन अली ने एक बड़ा खुलासा किया है। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र किया।

ऑपरेशन सिंदूर पर बोले मोईन अली
आईपीएल 2025 के बचे हुए सीज़न के लिए खुद को अनुपलब्ध बताने के कुछ दिनों बाद मोईन अली ने खुलासा किया कि जब भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। तब उनके माता-पिता पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में थे। मोईन अली पाकिस्तानी और अंग्रेजी मूल के हैं। उनके दादा कश्मीर के मीरपुर से इंग्लैंड चले गए थे, जबकि उनकी दादी, बेट्टी कॉक्स एक श्वेत ब्रिटिश थीं।
माता-पिता को लेकर छलका दर्द
बियर्ड बिफोर विकेट पॉडकास्ट में बात करते हुए मोईन अली ने कहा कि मेरे माता-पिता उस समय पाकिस्तान वाले कश्मीर में थे। जहां शायद हमले हुए थे, वहां से सिर्फ़ एक घंटे की दूरी पर मेरे माता-पिता मौजूद थे। हालांकि, वे उस दिन जो एक मात्र फ्लाइट थी उसे पकड़ने में कामयाब रहे। मुझे खुशी है कि वे बाहर निकल गए, लेकिन यह पल मेरे लिए काफी चिंताजनक था।
बीच में ही रोक दिया गया था आईपीएल
8 मई को धर्मशाला में पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मैच के दौरान आईपीएल 2025 को बीच में ही निलंबित कर दिया गया था, क्योंकि आसपास के इलाकों में पाकिस्तान से ड्रोन हमलों के कारण शहर में बिजली की आपूर्ति बाधित हुई थी। दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम के बाद बीसीसीआई ने घोषणा की कि आईपीएल 17 मई से शुरू होगा, लेकिन केवल छह शहरों में इसका आयोजन किया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications