'वो पहली बार था जब मुझे गाली दी गई' Mithali Raj का छलका दर्द, सुनाया पाकिस्तान से जुड़ा किस्सा
Mithali Raj News: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज ने हाल ही में लल्लनटॉप को दिए इंटरव्यू में एक ऐसी घटना का खुलासा किया, जिसने उन्हें अंदर तक झकझोर दिया। ये वाकया 2012 टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच हुए मुकाबले का है। मिताली ने लल्लनटॉप को बताया कि मैं बैटिंग कर रही थी, तभी एक पाकिस्तानी खिलाड़ी ओवर के बीच में कुछ बोलती हुई गुजरी और मुझे गाली दे दी। मैं हैरान रह गई, क्योंकि फील्ड पर मेरे साथ ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था।
मिताली राज ने राज से हटाया पर्दा (Mithali Raj News)
मिताली राज ने बताया कि उन्होंने तुरंत अपनी साथी खिलाड़ी से बात की। जिसने उन्हें मैच पर फोकस करने की सलाह दी। लेकिन मामला यहीं नहीं रुका। जब मिताली आउट होकर ड्रेसिंग रूम की तरफ जा रही थीं, तभी वही खिलाड़ी फिर कुछ कहती हुई निकली। इस बार मिताली राज ने चुपचाप मैनेजर विद्या यादव को पूरे मामले की जानकारी दी। लेकिन इसके बाद भी उस खिलाड़ी ने बदतमीजी जारी रखते हुए मिताली को फिर परेशान किया।

मिताली से खिलाड़ी ने आकर मांगी माफी
मैच खत्म होने के बाद जब दोनों टीमों के बीच पारंपरिक हैंडशेक हो रहा था, तब उस खिलाड़ी ने मिताली के हाथ पर जोर से मारा। तभी पीछे खड़ी टीम मैनेजर ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उसे टोका। मामला मैच रेफरी और पाकिस्तान टीम मैनेजमेंट तक पहुंचाया गया, जिन्होंने काफी शालीनता से इसे हैंडल किया। बाद में वह खिलाड़ी मिताली से आकर माफी मांग गई।
मिताली का करियर रहा है शानदार
मिताली ने 20 साल से भी लंबा अंतरराष्ट्रीय करियर, अनगिनत रिकॉर्ड और अद्वितीय लीडरशिप के साथ क्रिकेट की दुनिया में भारत का परचम लहराया। मिताली वो पहली भारतीय कप्तान (पुरुष या महिला) हैं, जिन्होंने दो वनडे वर्ल्ड कप फाइनल (2005 और 2017) में टीम का नेतृत्व किया। महज 16 साल की उम्र में अपने वनडे डेब्यू में नाबाद 114 रन बनाकर उन्होंने बता दिया था कि एक खास प्रतिभा क्रिकेट में आई है। टेस्ट क्रिकेट में उनका 214 रन का स्कोर आज भी एक मिसाल है।
2017 के वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने सबसे ज्यादा रन बनाने वाली महिला क्रिकेटर का रिकॉर्ड अपने नाम किया और 6000 से ज्यादा रन बनाने वाली पहली महिला बनीं। हालांकि, 2018 के टी20 वर्ल्ड कप में सेमीफाइनल से बाहर किए जाने को लेकर विवाद हुआ, लेकिन मिताली ने हमेशा खेल की गरिमा बनाए रखी। 2019 में 36 साल की उम्र में उन्होंने टी20 से संन्यास लिया, लेकिन वनडे में अपनी मौजूदगी बनाए रखी।












Click it and Unblock the Notifications