MI vs KKR: आज मुंबई इंडियस की हार पक्की? क्या है 13 साल पुराना शाप जिसने उड़ाई रोहित-हार्दिक की नींद
MI vs KKR: आईपीएल 2026 के महाकुंभ में आज जब मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स वानखेड़े के ऐतिहासिक मैदान पर आमने-सामने होंगी, तो नजरें सिर्फ रनों पर नहीं बल्कि एक ऐसे आंकड़े पर होंगी जो पिछले 13 साल से मुंबई का पीछा कर रहा है। क्रिकेट के गलियारों में इसे मुंबई इंडियंस का ओपनिंग मैच वाला शाप कहा जाने लगा है।
साल 2012 के बाद से आज तक मुंबई की टीम कभी भी सीजन का अपना पहला मुकाबला नहीं जीत पाई है। हर बार टीम नई रणनीति और बड़े सितारों के साथ उतरती है, लेकिन नतीजा वही ढाक के तीन पात रहता है।

आज वानखेड़े की सपाट पिच पर जब रोहित शर्मा और हार्दिक पंड्या मैदान में कदम रखेंगे, तो उनके सामने केकेआर से ज्यादा खुद के इस खराब रिकॉर्ड को तोड़ने की चुनौती होगी। आंकड़े गवाही देते हैं कि मुंबई इंडियंस ने पिछले 13 सालों में हर बार पहले मैच में हार का स्वाद चखा है। दिलचस्प बात यह है कि इस दौरान टीम पांच बार चैंपियन भी बनी, लेकिन पहले मैच की कड़वाहट कभी खत्म नहीं हुई। क्या आज वानखेड़े का अपना घरेलू मैदान इस सूखे को खत्म करने में मदद करेगा?
MI vs KKR: कैसी रहेगी पिच
पिच की बात करें तो वानखेड़े हमेशा से बल्लेबाजों का स्वर्ग रहा है। हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप के दौरान यहां एक ही मैच में लगभग 500 रन बन चुके हैं, जिससे साफ है कि आज भी गेंदबाजों के लिए राह आसान नहीं होगी। मुंबई की टीम में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी हैं, तो वहीं जसप्रीत बुमराह की धारदार गेंदबाजी किसी भी टीम को घुटने टेकने पर मजबूर कर सकती है।
दूसरी ओर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम चोटिल खिलाड़ियों की समस्या से जूझ रही है। हर्षित राणा और आकाश दीप जैसे मुख्य तेज गेंदबाजों के बाहर होने से टीम का संतुलन बिगड़ा है। अब केकेआर की पूरी उम्मीदें आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी कैमरून ग्रीन पर टिकी हैं। मुंबई की उमस भरी गर्मी में यह देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम दबाव को बेहतर तरीके से झेल पाती है।
MI vs KKR: क्या इतिहास बदल जाएगा?
अगर आज मुंबई इंडियंस इस 13 साल पुराने सिलसिले को तोड़ देती है, तो यह न केवल उनके फैंस के लिए बड़ी राहत होगी बल्कि टूर्नामेंट की शुरुआत के लिए एक बड़ा स्टेटमेंट भी होगा। अगर केकेआर बाजी मार ले जाती है, तो मुंबई का यह शाप एक साल के लिए और बढ़ जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications