MI vs CSK: मुंबई के पलटन और चेन्नई के धुरंधर में किसका पलड़ा भारी? आज होगा दूध का दूध और पानी का पानी!
MI vs CSK IPL 2026: आईपीएल 2026 (IPL 2026) का सबसे बड़ा और रोमांचक मुकाबला आज यानी बुधवार 23 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। पांच-पांच बार की चैंपियन टीमें मुंबई इंडियंस (MI) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) जब आमने-सामने होती हैं तो फैंस का उत्साह चरम पर रहता है। हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली मुंबई के लिए यह मैच अपनी लड़खड़ाती मुहिम को पटरी पर लाने का सुनहरा मौका है।
मुंबई-चेन्नई में किसका पलड़ा भारी? (MI vs CSK IPL 2026)
आईपीएल के इतिहास में इन दोनों दिग्गजों के बीच अब तक कुल 41 मुकाबले हुए हैं। इन दोनों टीमों के हेड टू हेड की बात करें तो उसमें मुंबई का पलड़ा भारी रहा है। मुंबई इंडियंस ने 22 जबकि चेन्नई सुपर किंग्स को 19 मैचों में जीत मिली है। भले ही मुंबई आगे है, लेकिन दोनों टीमों के बीच हार-जीत का अंतर बहुत कम है। ऐसे में फैंस को एक बार फिर कांटेदार मुकाबला देखने को मिल सकता है।

रोहित शर्मा पर रहेगी फैंस की नजरें
मुंबई के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा इस भिड़ंत के सबसे सफल बल्लेबाज हैं। फिटनेस चिंताओं के बावजूद आज सबकी नजरें हिटमैन पर होंगी। उन्होंने चेन्नई के खिलाफ अब तक 913 रन बनाए हैं। आज अगर वे 87 रन और बना लेते हैं तो इस टीम के खिलाफ 1000 रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। चेन्नई की ओर से एमएस धोनी और सुरेश रैना दोनों ने 736-736 रन बनाए हैं। धोनी आज भी अपनी फिनिशिंग स्किल्स से मैच का पासा पलट सकते हैं।
जीत की पटरी पर लौटी मुंबई की टीम
मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी अब काफी अधिक संतुलित और आक्रामक नजर आ रही है। बल्लेबाजी क्रम में नमन धीर को ऊपर भेजने के रणनीतिक निर्णय और तिलक वर्मा की तूफानी बल्लेबाजी ने टीम के स्कोरबोर्ड को नई मजबूती दी है।
गेंदबाजी विभाग में मुंबई के लिए सबसे सुखद खबर जसप्रीत बुमराह का फॉर्म में लौटना है, जिन्होंने अपनी पुरानी लय फिर से हासिल कर ली है। वहीं, टीम में इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर विल जैक्स की एंट्री ने मुंबई के विकल्पों को और बढ़ा दिया है।












Click it and Unblock the Notifications