MI vs GT: गुजरात के खिलाफ मैच से पहले Jasprit Bumrah की फिटनेस पर आया अपडेट, हेड कोच ने किया बड़ा खुलासा
Jasprit Bumrah Fitness Update: आईपीएल 2025 के 9वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच शाम 7:30 बजे से शुरू होगा। आज के हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की फिटनेस पर बड़ा अपडेट आया है।
बुमराह आखिरी बार 5 जनवरी 2025 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर भारत के लिए खेले थे। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उन्हें पीठ में चोट लगी थी, जिसके बाद से वह क्रिकेट से दूर हैं। उनकी फिटनेस को लेकर पहले खबरें थीं कि वह जल्द ही नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) से फिटनेस क्लीयरेंस के बाद MI टीम से जुड़ सकते हैं, लेकिन जयवर्धने ने इस पर विराम लगा दिया।

मुंबई इंडियंस (MI) के हेड कोच महेला जयवर्धने ने शुक्रवार को बड़ा अपडेट देते हुए बताया कि स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अभी भी अपनी पीठ की चोट से उबर रहे हैं और फिलहाल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में MI के लिए खेलने की संभावना नहीं है।
हेड कोच जयवर्धने का बयान
जयवर्धने ने कहा कि बुमराह को छोड़कर हमारी टीम के सभी खिलाड़ी उपलब्ध हैं। जैसा कि मैंने पिछले इंटरव्यू में भी कहा था, वह अपने रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम को फॉलो कर रहे हैं। अब तक सबकुछ ठीक लग रहा है, लेकिन NCA की ओर से कोई स्पष्ट टाइमलाइन नहीं दी गई है, इसलिए हमें इंतजार करना होगा।'
बुमराह की गैरमौजूदगी में गेंदबाजी की जिम्मेदारी किसके पास?
बुमराह की अनुपस्थिति में मुंबई इंडियंस की तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी दीपक चाहर और ट्रेंट बोल्ट संभाल रहे हैं। वहीं, न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर और इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स स्पिन विभाग की अगुवाई कर रहे हैं।
पहली जीत की तलाश में MI
MI ने अपने आईपीएल 2025 अभियान की शुरुआत चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ एमए चिदंबरम स्टेडियम में की थी, जहां उन्हें चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अब पांच बार की चैंपियन टीम शनिवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ अपने पहले जीत की तलाश में उतरेगी।












Click it and Unblock the Notifications