पाकिस्तान को हराने के बाद भारतीय क्रिकेट के लिए दुखद खबर, न्यूयॉर्क में मुंबई क्रिकेट संघ के अध्यक्ष का निधन
Amol Kale: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। टीम इंडिया ने अंतिम ओवर तक चले इस मुकाबले में जीत दर्ज कर ली। भारतीय टीम को कम स्कोर वाले इस मुकाबले में महज 6 रनों से जीत मिली लेकिन वहां से एक दुखद खबर भी आई है।
भारतीय क्रिकेट के लिए एक दुखद खबर यह है कि एक मुंबई के एक नामी हस्ती का निधन हो गया। मुंबई क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अमोल काले अब नहीं रहे। वह भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला देखने के लिए न्यूयॉर्क गए थे। नसाऊ काउंटी स्टेडियम में वह मैच देखने पहुंचे थे।

एमसीए पदाधिकारियों के साथ मुकाबला देखने गए काले मैच देखकर वापस आए और होटल में आकर सो गए। इसके बाद वह फिर नहीं उठे। बताया जा रहा है कि अमोल काले को हृदयाघात हुआ और उनका निधन हो गया। मुंबई क्रिकेट संघ के लिए यह बड़ी क्षति है।
साल 2022 में ही अमोल काले को मुंबई क्रिकेट संघ का अध्यक्ष चुना गया था। संदीप पाटिल को हराकर वह अध्यक्ष बने थे। मुंबई के सीनियर क्रिकेटरों की फीस दोगुना करने का फैसला लेने में उनकी अहम भूमिका रही थी। न्यूयॉर्क में वह मुंबई क्रिकेट संघ के अन्य पदाधिकारियों के साथ मैच देखने गे थे। उनकी उम्र 47 वर्ष थी।












Click it and Unblock the Notifications