MS Dhoni का जलवा कायम, लंदन में घूमने निकले तो सेल्फी के लिए उमड़े फैंस, धक्का लगने से लड़खड़ाए
पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया हो पर उनकी लोकप्रियता कम होने का नाम नहीं ले रही है।
नई दिल्ली, 17 जुलाई: पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया हो पर उनकी लोकप्रियता कम होने का नाम नहीं ले रही है। लंदन में इसकी बानगी देखने को मिली। दरअसल धोनी इन दिनों लंदन में हैं। वह अपने बर्थडे से पहले लंदन पहुंचे थे। विदेश में भी माही की दीवानगी सर चढ़कर बोल रही है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही एक वीडियो से इस बात का अंदाजा लगाया जा सकता है।

धक्का लगने से गिरे माही
इन दिनों सोशल मीडिया पर धोनी का एक वीडियो तेजी वायरल हो रहा है। वीडियो में वह लंदन की सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं और उनके साथ-साथ कई फैंस भी उन्हें फॉलो कर रहे हैं। ये फैंस अपने चहेते क्रिकेटर के साथ सेल्फी लेने के लिए उनके पीछे भाग रहे हैं। इस वीडियो में कुछ लोग भागते-भागते भी धोनी के साथ सेल्फी लेते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान धोनी को किसी फैन ने धक्का मारा। इससे वह लड़खड़ा गए और उनके हाथ में रखा सामान गिर गया। हालांकि वह उठे और आगे बढ़ दिए।

वनडे देखने पहुंचे थे माही
इसके बाद जब सुरक्षाकर्मियों ने देखा कि धोनी परेशानी में पड़ते नजर आ रहे हैं तो उन्होंने सहारा दिया और माही को सुरक्षित कार तक ले गए। हाल ही में धोनी भारत और इंग्लैंड के बीच होने वाले वनडे मैच के दौरान मैदान पर नजर आए थे। इस दौरान धोनी ने भारतीय खिलाड़ियों समेत कई सितारों से मुलाकात भी की थी। इससे पहले दूसरे वनडे के दौरान महेंद्र सिंह धोनी ने सुरेश रैना, हरभजन सिंह, सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली से भी मिले थे।

41वां बर्थडे सेलिब्रेट किया था
धोनी ने 7 जुलाई को लंदन में अपना 41वां बर्थडे सेलिब्रेट किया था। इसके बाद वह विंबलडन का मैच देखते हुए भी नजर आए थे। साक्षी धोनी ने माही के बर्थडे सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की थीं। इन तस्वीरों में कुछ क्रिकेटर भी नजर आए थे। धोनी ने अपने इंटरनेशनल करियर में 90 टेस्ट की 144 पारियों में 4876 रन बनाए हैं। उन्होंने 350 वनडे की 297 पारियों में 10773 रन बनाए हैं। इसके अलावा पूर्व भारतीय कप्तान ने 98 टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में 1617 रन जड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications