कुलदीप यादव झीलों वाले इस शहर में करेंगे शादी? कब और कहां लेंगे 7 फेरे, होने वाली वाइफ करती है बड़ी जॉब
Kuldeep Yadav Wedding: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शादी को लेकर लंबे समय से चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन फैंस को अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। पिछले साल सगाई के बाद कुलदीप यादव की शादी नवंबर में होने की बात कही जा रही थी, मगर व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के चलते यह लगातार टलती रही। अब साल 2026 भी आ गया है, लेकिन फिलहाल शादी होती नजर नहीं आ रही है।
कुलदीप यादव इस समय टीम इंडिया के अहम दौर से गुजर रहे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत को 11 जनवरी से 31 जनवरी तक सफेद गेंद की सीरीज खेलनी है। इस सीरीज में वनडे और टी20 दोनों टीमों में कुलदीप यादव का नाम शामिल है। इसके तुरंत बाद टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन होगा, जो मार्च तक चलेगा। ऐसे में शादी के लिए समय निकालना आसान नहीं है।

आईपीएल से पहले मिल सकता है मौका
आईपीएल से पहले का समय कुलदीप यादव के लिए शादी का संभावित मौका बन सकता है। यह भी माना जा रहा है कि वह न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी कुछ मैचों में छुट्टी लेकर शादी कर सकते हैं, हालांकि इस पर अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
उत्तर प्रदेश से बाहर हो सकती है शादी
शादी की लोकेशन को लेकर भी नई जानकारी सामने आई है। वनइंडिया के सूत्रों के अनुसार कुलदीप यादव उत्तर प्रदेश से बाहर उदयपुर में डेस्टिनेशन वेडिंग कर सकते हैं। झीलों के शहर उदयपुर में शादी को लेकर चर्चाएं तेज हैं, हालांकि तारीखों को लेकर फिलहाल स्थिति साफ नहीं है।
कौन हैं कुलदीप यादव की होने वाली पत्नी
कुलदीप यादव ने अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ सगाई की है। वंशिका कानपुर में एलआईसी यानी भारतीय जीवन बीमा निगम में कार्यरत हैं। दोनों लंबे समय से एक मजबूत रिश्ते में हैं और एक दूसरे को अच्छे से जानते हैं।
कब और कहां हुई थी सगाई
कुलदीप यादव और वंशिका की सगाई 4 जून 2025 को लखनऊ में हुई थी। यह समारोह पूरी तरह निजी रखा गया था, जिसमें परिवार के सदस्यों के अलावा कुछ करीबी दोस्त ही शामिल हुए थे। इस खास मौके पर भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह भी मौजूद थे। नए साल पर कुलदीप यादव ने वंशिका के साथ फोटो पोस्ट किया, इसमें कैप्शन था 2026 तुम्हारे साथ।
फिलहाल क्रिकेट पर है पूरा ध्यान
इस समय कुलदीप यादव का पूरा फोकस भारतीय टीम और आने वाले बड़े टूर्नामेंट पर है। जैसे ही उन्हें अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय मिलेगा, उनकी शादी को लेकर तस्वीर साफ हो सकती है। फैंस को उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें इस स्टार स्पिनर की शादी की खुशखबरी सुनने को मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications