कुलदीप यादव का बड़ा धमाका, 10 विकेट लेकर गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट को दिया तगड़ा जवाब
कुलदीप यादव जब भी अपनी लय में होते हैं तो बल्लेबाजों के लिए उनकी गेंदों को समझना आसान नहीं होता। इंग्लैंड में एक बार फिर भारतीय स्पिनर ने यही साबित कर दिया है। कुलदीप ने यॉर्कशायर के लिए खेलते हुए एसेक्स के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की और मैच में कुल 10 विकेट अपने नाम कर लिए।
कुलदीप यादव ने हेडिंग्ले में खेले गए काउंटी चैंपियनशिप मुकाबले में 120 रन देकर 10 विकेट हासिल किए। उनके इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत यॉर्कशायर ने एसेक्स को पारी और 106 रन से हरा दिया।

कुलदीप का यह प्रदर्शन ऐसे समय आया है, जब भारतीय टेस्ट टीम में उनकी जगह को लेकर लगातार चर्चा होती रही है। वह टीम का हिस्सा तो रहे हैं लेकिन कई मौकों पर अंतिम एकादश में जगह नहीं बना पाए। हाल ही में श्रीलंका दौरे पर दूसरे टेस्ट मैच में उनको बाहर करने पर भी काफी चर्चा हुई थी।
पहली पारी के बाद दूसरी पारी में भी बरपाया कहर
कुलदीप ने मैच की दोनों पारियों में एसेक्स के बल्लेबाजों को परेशान किया। पहली पारी में एसेक्स की टीम 171 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में भी बल्लेबाज कुलदीप की फिरकी का जवाब नहीं ढूंढ सके और टीम 113 रन पर ऑलआउट हो गई। मैच में कुलदीप के 10 विकेट इस बात का सबूत हैं कि लाल गेंद से उनका असर बरकरार है।
गंभीर और टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ा संकेत?
भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट के सामने टेस्ट क्रिकेट में कुलदीप के इस्तेमाल को लेकर कई बार सवाल उठ चुके हैं। भारतीय परिस्थितियों से बाहर टीम कॉम्बिनेशन और पिच की जरूरत के हिसाब से अलग-अलग गेंदबाजों को प्राथमिकता मिली है।
हालांकि इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट के दौरान कुलदीप का यह प्रदर्शन उनकी दावेदारी को मजबूत जरूर करता है। 10 विकेट लेकर उन्होंने दिखाया कि सही परिस्थितियों में वह किसी भी बल्लेबाजी क्रम को मुश्किल में डाल सकते हैं। जब इंग्लैंड की कंडीशंस में वह ऐसा गेम दिखा सकते हैं, तो भारतीय परिस्थितियों में तो वह और ज्यादा बेहतरीन काम करने की क्षमता रखते हैं। टीम इंडिया फ़िलहाल तो सफेद गेंद क्रिकेट में व्यस्त है, अगली बार रेड बॉल क्रिकेट में कुलदीप पर नजरें रहेंगी।


Click it and Unblock the Notifications
