DPL 2024 में चौके-छक्कों की बरसात, अब तक लग चुके हैं 4 शतक, इन खिलाड़ियों का रहा जलवा
DPL 2024, Latest News In Hindi: अरुण जेटली स्टेडियम में एक रोमांचक मुकाबले में वेस्ट दिल्ली लायंस ने जीत हासिल की। दिल्ली प्रीमियर लीग टी 20 2024 के 21वें मैच में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के खिलाफ वेस्ट दिल्ली लायंस ने डीएलएस की मदद से चार रनों से मुकाबले को अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ ही वेस्ट दिल्ली लायंस ने खुद को टूर्नामेंट में बनाए रखा है।
कृष यादव ने दिखाया बल्ले का दम
दिल्ली प्रीमियर लीग में अब तक कई धमाकेदार पारियां देखने को मिल चुकी है। इस मैच में एक और शतक देखने को मिला। इस बार वेस्ट दिल्ली लायंस के कृष यादव ने बल्ले का दम दिखाया। कृष यादव द्वारा लगाया गया यह शतक इस लीग में अब तक का चौथा शतक है।

वेस्ट दिल्ली लायंस ने बनाए 178 रन
वेस्ट दिल्ली लायंस ने पहले बल्लेबाजी की और उनके सलामी बल्लेबाजों ने ठोस शुरुआत दी। कृष यादव की 68 गेंदों पर 106 रनों की विस्फोटक पारी सुर्खियों में रही। उनकी पारी में आठ चौके और छह छक्के शामिल थे। जिसकी मदद से उनकी टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट पर 178 रन बनाए।
साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को मिली हार
179 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की शुरुआत खराब रही और दूसरे ओवर में ही उनका पहला विकेट गिर गया। नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और 11 ओवर में उनका स्कोर 92/5 हो गया। 15 ओवर के बाद जब उनका स्कोर 123/6 था, तब बारिश ने खेल में बाधा डाली। लगातार बारिश के कारण खेल फिर से शुरू नहीं हो सका और डीएलएस पद्धति के अनुसार वेस्ट दिल्ली लायंस को चार रन से विजेता घोषित किया गया।
इन खिलाड़ियों का जलवा
इससे पहले लीग में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के ओपनर प्रियांश आर्य ने दिल्ली 6 के खिलाफ नाबाद शतक जड़ा था। आर्य ने 55 गेंदों पर 107 रन की शानदार पारी खेली जिसमें नौ चौके और सात छक्के शामिल थे। यह लीग का पहला शतक था। इससे पहले ईस्ट दिल्ली राइडर्स और पुरानी दिल्ली 6 के बीच खेले गए मैच में दो और शतक लगे। ईस्ट दिल्ली राइडर्स के ओपनर अनुज रावत और सिमरजीत सिंह दोनों ने शतक जड़ा।
रावत 66 गेंदों पर 121 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि सिंह ने 189.47 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 57 गेंदों पर नाबाद 108 रन बनाए। लीग में अब तक कुल चार शतक लगाए जा चुके हैं। टूर्नामेंट का पहला शतक प्रियांश आर्य ने जड़ा था।












Click it and Unblock the Notifications